कर्नाटक के उर्दू मीडियम स्कूलों में रमज़ान के लिए बदला समय,अब 12:45 पर होगी छुट्टी, जानें कब तक लागू रहेगा नियम
- Authored by: TNN एजुकेशन डेस्क
- Updated Feb 2, 2026, 12:20 PM IST
कर्नाटक में उर्दू और अन्य अल्पसंख्यक भाषा स्कूलों के समय में बदलाव को लेकर निदेशालय ने निर्देश दिए हैं। पुरानी परंपरा को अपनाते हुए निदेशालय ने रमजान के शुरू होने की तारीख से अगले महीने में 20 मार्च तक स्कूल दोपहर 12.45 बजे बंद कर दिए जाएंगे।
कर्नाटक के उर्दू मीडियम स्कूलों में रमज़ान के लिए बदला समय (Photo- Canva)
कर्नाटक में उर्दू और अन्य अल्पसंख्यक भाषा स्कूलों के निदेशालय ने एकेडमिक ईयर 2025-26 में स्कूलों के समय में एक महत्वपूर्ण बदलाव की घोषणा की है। बता दें कि समय के बदलाव का यह निर्णय विशेष रूप से रमजान के पवित्र महीने को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इसके पीछे मुख्य वजह है कि रमजान के दौरान छात्रों और शिक्षकों को रोजे के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े और उन्हें सुविधा हो सके।
उर्दू और अल्पसंख्यक भाषा के स्कूलों के समय में हुआ बदलाव
निदेशालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, रमजान शुरू होने की डेट से लेकर अगले पूरे एक महीने तक स्कूल सुबह 8:00 बजे खुलेंगे और दोपहर 12:45 बजे बंद कर दिए जाएंगे। यह नया समय उन सभी उर्दू मीडियम जूनियर प्राइमरी और सेकेंडरी प्राइमरी स्कूलों पर लागू होगा जो राज्य सरकार के अधीन है। निर्देश सरकारी और सरकार द्वारा सहायता प्राप्त स्कूल, गैर-सहायता प्राप्त उर्दू मीडियम जूनियर, सीनियर और हाई स्कूल पर लागू रहेंगे।
पुरानी है रमजान के दौरान स्कूल के समय बदलने की परंपरा
बता दें कि यह पहली बार नहीं है कि रमजान के समय स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। बल्कि 31 अक्टूबर 2002 को जारी किए गए एक स्थायी आदेश का विस्तार है। सरकार हर साल इस पुरानी परंपरा को बरकरार रखती है और उसके अनुसार, रोजे रखने वाले छात्रों और शिक्षकों को ध्यान में रखते हुए समय में लचीलापन प्रदान करती है।
कब से कब तक रहेगा समय में बदलाव
वर्तमान शैक्षणिक सत्र (2025-26) के लिए, स्कूलों के समय में यह रियायत रमजान की शुरुआत से लेकर 20 मार्च 2026 तक प्रभावी रहेगी। इसके बाद सभी स्कूल अपने पुराने निर्धारित समय पर लौट आएंगे।
रमज़ान के समय स्कूलों के समय में बदलाव की वजह
रमजान के दौरान मुस्लिम समुदाय के लोग सुबह से लेकर शाम तक रोजा (निर्जला उपवास) रखते हैं। दोपहर 12:45 बजे तक स्कूल बंद होने से छात्रों को भीषण गर्मी से बचने के साथ दोपहर की नमाज व आराम के लिए जरूरी समय मिल पाएगा। इसके साथ ही निदेशालय ने स्थानीय शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे सुनिश्चित करें कि इस अवधि के दौरान पढ़ाई का नुकसान न हो और समय सारणी का सख्ती से पालन किया जाए।