CUET UG Exam 2026: सीयूईटी यूजी परीक्षा के दौरान बीते दिनों यानी कल 30 मई 2026, शनिवार को तकनीकी खराबी के चलते परीक्षार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। एग्जाम की पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से शुरू होनी थी, लेकिन छात्र दोपर 1 बजे तक इंतजार करते रहे। हालांकि एनटीए ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर बताया कि, ऐसे छात्रों को दोबारा मौका दिया जाएगा। बता दें सीयूईटी यूजी की परीक्षा आज यानी 31 मई 2026, रविवार को भी आयोजित की जाएगी।
परीक्षा दो पालियों में निर्धारित है। फर्स्ट शिफ्ट का एग्जाम सुबह 9 बजे से शुरू होकर दोपहर 12 बजे तक होगी। जबकि दूसरी पाली का एग्जाम दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होगी। आज भी परीक्षा केंद्रों पर काफी भीड़ है, परिक्षार्थियों के साथ ही उनके पैरेंट्स भी बाहर खड़े हैं।
CUET UG Exam 2026: ऐसे अभ्यर्थियों को मिलेगा दूसरा मौका
बीते दिनों राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने स्वीकार किया कि 30 मई को CUET UG 2026 की पहली शिफ्ट के दौरान तकनीकी समस्या आई थी। एजेंसी के मुताबिक परीक्षा संचालन से जुड़ी कंपनी TCS की तरफ से तकनीकी गड़बड़ी की सूचना दी गई थी, जिसके कारण कई केंद्रों पर परीक्षा शुरू होने में करीब दो घंटे तक की देरी हुई। बाद में समस्या को ठीक कर परीक्षा दोबारा शुरू कराई गई और प्रभावित छात्रों को पूरा अतिरिक्त समय देने की बात कही गई।
साथ ही बढ़ते विवाद के बीच NTA ने राहत देते हुए कहा है कि जिन उम्मीदवारों ने बायोमेट्रिक रजिस्ट्रेशन कराया था, परीक्षा केंद्र पर मौजूद थे, लेकिन तकनीकी गड़बड़ी की वजह से अपना पेपर पूरा नहीं कर सके, उन्हें दोबारा परीक्षा देने का अवसर दिया जाएगा। एजेंसी ने कहा है कि इसकी विस्तृत जानकारी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
CUET UG Exam Guidelines: सीयूईटी यूजी एग्जाम गाइडलाइंस: क्या लेकर जाएं
- एडमिट कार्ड: सेल्फ डिक्लेरेशन (अंडरटेकिंग) के साथ प्रिंटेड कॉपी।
- फोटोग्राफ: पासपोर्ट साइज के दो फोटो (वही जो आवेदन फॉर्म में अपलोड किए गए थे)।
- आईडी प्रूफ: मूल और वैध फोटो पहचान पत्र (वही जो फॉर्म में भरा गया था)।
- अन्य: पारदर्शी बॉल-पॉइंट पेन और पारदर्शी पानी की बोतल।
- विशेष छूट: मधुमेह (Diabetic) रोगियों के लिए खाने-पीने की चीजें और PwD सर्टिफिकेट (यदि लागू हो)।
- हल्के रंग के कपड़े पहनना बेहतर है।
- ऊनी कपड़े पहनने की अनुमति है, लेकिन जांच के लिए जल्दी पहुंचना होगा।
- सामान्य जूते, चप्पल या कम हील वाले सैंडल पहनें।
- कलावा या अन्य धार्मिक प्रतीकों को ले जाने की अनुमति है, लेकिन इसके लिए समय रहते केंद्र पर रिपोर्ट करना अनिवार्य है ताकि गहन तलाशी (Frisking) की जा सके।
CUET UG Exam 2026: एनटीए हेल्पलाइन नंबर
NTA ने सभी उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे अपने एडमिट कार्ड पर दिए गए शहर, केंद्र, तारीख और शिफ्ट की अच्छी तरह जांच कर लें और रिपोर्टिंग समय से काफी पहले पहुंचें। किसी भी सहायता के लिए हेल्प डेस्क नंबर 011-40759000 या आधिकारिक वेबसाइट cuet.nta.nic.in पर संपर्क किया जा सकता है।
