CBSE Re Evaluation Date Extended: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा 2026 की मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। CBSE द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार, पहले आवेदन की अंतिम तिथि 24 मई 2026 तय की गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 25 मई 2026 मध्यरात्रि तक कर दिया गया है। बोर्ड ने कहा है कि छात्रों को आवेदन करने के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। छात्र अब बढ़ी हुई समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
सर्कुलर में यह भी स्पष्ट किया गया है कि री-इवैल्यूएशन (पुनर्मूल्यांकन) प्रक्रिया की शुरुआत की तिथि बाद में घोषित की जाएगी। साथ ही बोर्ड यह सुनिश्चित करेगा कि स्कैन कॉपी उपलब्ध होने के बाद भी पोर्टल कम से कम दो दिन तक खुला रहे, ताकि सभी इच्छुक छात्र आवेदन कर सकें। CBSE ने सभी छात्रों से अपील की है कि वे समय सीमा का लाभ उठाते हुए जल्द आवेदन करें।
बोर्ड के अनुसार, स्कैन कॉपी प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। छात्र आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाकर निर्धारित शुल्क जमा कर आवेदन कर सकते हैं। स्कैन कॉपी मिलने के बाद छात्र अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की जांच कर सकेंगे और यदि किसी प्रकार की त्रुटि महसूस होती है, तो आगे पुनर्मूल्यांकन (Re-evaluation) के लिए आवेदन कर पाएंगे।
IIT Madras के टेक्निकल एक्सपर्ट संभालेंगे मोर्चा
सीबीएसई रिवैल्युएशन प्रक्रिया में आ रही तकनीकी दिक्कतों पर केंद्र सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने छात्रों और अभिभावकों की परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIT मद्रास के टेक्निकल एक्सपर्ट की टीम को मोर्चा संभालने के निर्देश दिए हैं। यह कदम सीबीएसई के ऑनलाइन पोर्टल पर आ रहे सर्वर क्रैश, लॉगिन एरर और पेमेंट फेल होने जैसी लगातार मिल रही शिकायतों के बाद उठाया गया है।
4 सरकारी बैंक संभालेंगे CBSE पेमेंट गेटवे
सीबीएसई के ऑनलाइन पोर्टल को तकनीकी रूप से अपग्रेड करने के लिए वित्त मंत्रालय के निर्देश पर देश के चार प्रमुख सरकारी बैंक आगे आए हैं। इसमें भारतीय स्टेट बैंक (SBI), बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB), केनरा बैंक (Canara Bank) और इंडियन बैंक (Indian Bank) शामिल है। यह चारों बैंक मिलकर सीबीएसई पेमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करेंगे और अपनी हाई टेक डिजिटल सिस्टम को बोर्ड के पोर्टल के साथ जोड़ेंगे।
