CBSE Board Exam 2026 : आज से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षा, घर से निकलने से पहले देख लें जरूरी गाइडलाइन
- Authored by: कुसुम भट्ट
- Updated Feb 17, 2026, 06:10 AM IST
CBSE Board Exam 2026 शुरू होने से पहले बोर्ड ने कुछ जरूरी दिशानिर्देश जारी किये हैं। परीक्षा के लिए घर से निकलने से पहले इन छोटे-छोटे मगर बेहद जरूरी गाइडलाइन्स को ध्यान से पढ़ लें। इन दिशानिर्देशों की अनदेखी करना छात्रों को भारी पड़ सकता है। ऐसे में इस लेख के जरिये आपको पता लगेगा कि बोर्ड परीक्षा को लेकर केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने क्या-क्या गाइडलाइन्स जारी की हैं। CBSE 2026 Guidelines, CBSE 10-12th Exam 2026
CBSE Exam 2026
CBSE 2026 Exam Guidelines: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) 10वीं और 12वीं के एग्जाम आज से शुरू हो रहे हैं। बोर्ड ने परीक्षा को लेकर कई दिशानिर्देश भी जारी किए हैं। इस बार सीबीएसई 10वीं बोर्ड के 2 एग्जाम करवाने जा रहा है। बोर्ड ने बीते दिन स्पष्ट कहा था कि 10वीं बोर्ड के दो एग्जाम की व्यवस्था में हर स्टूडेंट को पहला एग्जाम देना जरूरी है। इसके अलावा बोर्ड ने परीक्षा को लेकर भी गाइडलाइन्स जारी की थी। बोर्ड ने परीक्षा केंद्र पर पहुंचने से लेकर प्रतिबंधित सामान ले जाने तक को लेकर बताया था। इस साल भारत और विदेश के केंद्रों को मिलाकर कुल 46 लाख से भी ज्यादा छात्र परीक्षा में शामिल होने जा रहे हैं। आज से एग्जाम शुरू हो रहे हैं। ऐसे में चलिये जानते हैं सीबीएसई बोर्ड से जुड़ी सभी जरूरी गाइडलाइन्स...
एग्जाम सेंटर में कितने बजे पहुंचे ?
बोर्ड परीक्षा शुरू होने का समय सुबह 10:30 बजे से तय किया गया है। हालांकि सभी छात्रों को परीक्षा केंद्र में 10 बजे तक पहुंचना जरूरी है। 10 बजे के बाद किसी भी छात्र को परीक्षा केंद्र में एंट्री नहीं मिलेगी। ट्रैफिक और अन्य संभावित परेशानियों को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने छात्रों को परीक्षा केंद्र में कम से कम 45 से 90 मिनट पहले पहुंचने की सलाह दी है।
कब से कब तक चलेंगी परीक्षाएं ?
सीबीएसई बोर्ड 10वीं की परीक्षाएं 11 मार्च तक चलेंगी और 12वीं की परीक्षाएं 10 अप्रैल तक चलेंगी। बोर्ड ने साफतौर से कहा है कि छात्र ऑफिशियल डेट के अनुसार ही अपनी परीक्षा की तैयारी रखें और किसी भी फर्जी जानकारी पर बिल्कुल भरोसा न करें।
प्राइवेट उम्मीदवारों के लिए निर्देश
बात करें ड्रेस कोड की तो आयोग ने कहा है कि रेगुलर छात्र-छात्राओं को स्कूल यूनिफॉर्म में ही परीक्षा केंद्र पर आना होगा। वहीं स्कूल आईडी साथ लेकर आना बेहद जरूरी है। प्राइवेट उम्मीदवार हल्के रंग के कपड़े पहनें। भारी कढ़ाई, बड़े बटन और मेटल अटैचमेंट वाले कपड़ों से छात्रों को बचना चाहिए।
CBSE बोर्ड एग्जाम 2026 के लिए ड्रेस-कोड इंस्ट्रक्शन
प्राइवेट और रेगुलर स्टूडेंट्स के लिए ड्रेस-कोड के नियम अलग-अलग हैं। रेगुलर स्कूल में एनरोल स्टूडेंट्स को अपनी ऑफिशियल स्कूल यूनिफॉर्म पहननी होगी, जबकि प्राइवेट स्टूडेंट्स को शर्ट या टी-शर्ट जैसे हल्के कपड़े पहनने की इजाज़त है।
लड़के- लड़कियां क्या पहनें और क्या नहीं ?
एग्जाम देने वाले मेल स्टूडेंट्स को बिना किसी फैंसी डिजाइन के सिंपल ट्राउजर या पैंट पहनने चाहिए। उन्हें ऐसे कपड़े नहीं पहनने चाहिए जिनमें कई जिप पॉकेट, बड़े बटन या कोई मेटैलिक अटैचमेंट हो। फुटवियर के लिए, बेहतर होगा कि वे सिंपल सैंडल, स्लिपर या प्लेन जूते पहनें। वहीं लड़कियों को लेकर बोर्ड ने साफ कहा है कि लड़कियां किसी भी तरह की ज्वेलरी पहनने से बचना चाहिए।
बोर्ड ने स्टूडेंट्स से कहा है कि वे मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इयरफोन, पर्स, वॉलेट और किसी भी तरह की लिखित सामग्री एग्जाम सेंटर में नहीं लेकर जा सकते हैं। जो भी इन नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, उसके खिलाफ अनफेयर मीन्स के तहत कार्रवाई की जाएगी।
