एजुकेशन

CBSE Board Exam 2024: सीबीएसई ने 10वीं व 12वीं एग्जाम से पहले जारी किया नोटिस, स्टूडेंट्स को दी ये जरूरी सलाह

CBSE Board Exam 2024, CBSE Important Notice 2024: सीबीएसई बोर्ड एग्जाम का आयोजन कल यानी 15 फरवरी से किया जाएगा। ऐसे में बोर्ड ने स्कूलों, अभिभावकों और छात्रों के लिए एक बेहद जरूरी नोटिस जारी किया है।

Image

CBSE Board Exam 2024

CBSE Board Exam 2024, CBSE Important Notice 2024: सीबीएसई 10वीं व 12वीं परीक्षा में शामिल होने वाले स्टूडेंट्स के लिए बड़ा अपडेट है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने स्कूलों, अभिभावकों और छात्रों के लिए एग्जाम से पहले एक जरूरी नोटिस (CBSE Notice 2024) जारी किया है। नोटिस में दिल्ली के स्टूडेंट्स को समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के लिए कहा गया है। वहीं, इसके लिए मेट्रो सेवाओं का उपयोग करने की सलह दी गई है।

10 बजे परीक्षा केंद्र पर पहुंचने का निर्देश

सीबीएसई नोटिस के अनुसार, 10वीं व 12वीं परीक्षा का आयोजन कल यानी 15 फरवरी से किया जाएगा। इस साल भारत और विदेश के 26 देशों से कुल 39 लाख से अधिक छात्र परीक्षा देंगे। वहीं, दिल्ली के 877 केंद्रों से 5.80 लाख छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। चूंकि परीक्षा सुबह 10:30 बजे से शुरू होगी, ऐसे में सभी छात्रों को सुबह 10 बजे या उससे पहले केंद्र पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है। नोटिस में आगे कहा गया है कि दिल्ली में मौजूदा स्थिति के कारण यातायात संबंधी समस्याएं होने की संभावना है, जिस वजह से परीक्षा केंद्र पर पहुंचने में देरी हो सकती है। इसलिए, सभी छात्रों को सलाह दी जाती है कि वह अपने घरों से जल्दी निकलें और केंद्र तक पहुंचने के लिए मेट्रो सेवाओं का उपयोग करें।

तय समय के बाद नहीं मिलेगा प्रवेश

सीबीएसई ने पूरे भारत और अन्य देशों में सीबीएसई के सभी छात्रों से अनुरोध किया है कि वह स्थानीय परिस्थितियों, यातायात, मौसम की स्थिति, दूरी आदि को ध्यान में रखते हुए 10 बजे या उससे पहले परीक्षा केंद्र तक पहुंचने की योजना बनाएं। ध्यान रहे कि तय समय के बाद किसी भी छात्र को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। सीबीएसई ने सभी स्कूलों से अभिभावकों और छात्रों की मदद और मार्गदर्शन करने का अनुरोध किया है।

इस तारीख तक होगी सीबीएसई परीक्षा

सीबीएसई 10वीं परीक्षा 15 फरवरी से 13 मार्च तक आयोजित की जाएगी। वहीं, 12वीं परीक्षा 15 फरवरी से 2 अप्रैल तक होगी। सीबीएसई 10वीं व 12वीं परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक होंगी। अधिक जानकारी के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर भी चेक कर सकते हैं।

TNN Education Desk
TNN एजुकेशन डेस्क author

सरकारी नौकरी हर युवा की चाह है। आईएएस, पीसीएस जैसी कई नौकरियां ऐसी हैं, जिनके मिलने के बाद करियर फर्श से अर्श तक पहुंच जाता है, या यूं कहें कि सेट हो ... और देखें

End of Article