एजुकेशन

कलकत्ता यूनिवर्सिटी में अब अटेंडेंस के भी मिलेंगे नंबर, UG परीक्षा नियमों में बड़ा बदलाव

कलकत्ता यूनिवर्सिटी ने स्नातक यानी अंडरग्रेजुएट (UG) पाठ्यक्रमों की परीक्षा व्यवस्था में बदलाव किया है। नए नियमों के तहत छात्रों को प्रत्येक पेपर में उपस्थिति के आधार पर अधिकतम 5 अंक दिए जाएंगे।

Image

कलकत्ता यूनिवर्सिटी ने बदले एग्जाम के नियम, अब अटेंडेंस के मिलेंगे 5 मार्क्स

Calcutta University New Exam Rules 2026-27: कॉलेज में नियमित रूप से कक्षाएं करने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर है। कलकत्ता यूनिवर्सिटी ने स्नातक यानी अंडरग्रेजुएट (UG) पाठ्यक्रमों की परीक्षा व्यवस्था में बदलाव किया है। नए नियमों के तहत छात्रों को प्रत्येक पेपर में उपस्थिति के आधार पर अधिकतम 5 अंक दिए जाएंगे। यूनिवर्सिटी का यह फैसला शैक्षणिक सत्र 2026-27 से लागू होने वाले संशोधित परीक्षा नियमों का हिस्सा है। इसका उद्देश्य छात्रों को नियमित रूप से कक्षाओं में आने के लिए प्रोत्साहित करना है।

कलकत्ता यूनिवर्सिटी ने तीन वर्षीय और चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए संशोधित नियम जारी किए हैं। छात्रों को सलाह है कि वे यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट caluniv.ac.in पर अपने पाठ्यक्रम से संबंधित अधिसूचना देखें। नियमित कक्षाओं में उपस्थित रहना अब केवल पढ़ाई के लिहाज से ही नहीं, बल्कि सेमेस्टर के अंकों के लिए भी महत्वपूर्ण होगा।

पास होने के लिए कितने अंक जरूरी?

संशोधित नियमों के अनुसार, पेपर में क्रेडिट हासिल करने के लिए कुल अंकों का कम से कम 30 फीसदी प्राप्त करना जरूरी होगा। जहां थ्योरी और प्रैक्टिकल या ट्यूटोरियल की अलग-अलग परीक्षा लागू है, वहां संबंधित हिस्सों में भी निर्धारित न्यूनतम अंक हासिल करने होंगे। नए ग्रेडिंग सिस्टम में अंकों के प्रतिशत के आधार पर ग्रेड और ग्रेड पॉइंट तय किए जाएंगे।

इंटरनल असेसमेंट के नियम भी बदले

यूनिवर्सिटी ने केवल उपस्थिति के अंकों में ही बदलाव नहीं किया है, बल्कि इंटरनल असेसमेंट और ग्रेड पॉइंट की गणना से जुड़े नियमों को भी संशोधित किया है। सामान्य 75 अंकों वाले थ्योरी पेपर में 50 अंक सेमेस्टर के अंत में होने वाली परीक्षा के लिए निर्धारित होंगे। बाकी 25 अंकों में 20 अंक इंटरनल असेसमेंट और 5 अंक उपस्थिति के आधार पर मिलेंगे। हालांकि, अलग-अलग पेपर और पाठ्यक्रमों के लिए अंक वितरण में अंतर हो सकता है। इसलिए छात्रों को अपने कोर्स से संबंधित नियमों को देखना चाहिए।

90 फीसदी से ज्यादा उपस्थिति पर मिलेंगे 5 अंक

नई व्यवस्था में छात्रों की उपस्थिति को अंकों से जोड़ा गया है। जिन विद्यार्थियों की उपस्थिति 90 से 100 फीसदी तक होगी, उन्हें 5 अंक मिलेंगे। 80 फीसदी से 90 फीसदी से कम उपस्थिति पर 4 अंक दिए जाएंगे। इसी तरह 75 फीसदी से 80 फीसदी से कम उपस्थिति वाले छात्रों को 3 अंक और 60 फीसदी से 75 फीसदी से कम उपस्थिति वालों को 2 अंक मिलेंगे। 60 फीसदी से कम उपस्थिति होने पर अटेंडेंस के अंक नहीं मिलेंगे।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article