BSSC 2nd Inter Level Bharti : बिहार कर्मचारी चयन आयोग ने बीएसएससी सेकेंड लेवल भर्ती 2023 के पदों की संख्या को एक बार फिर से बढ़ाया है। इस बार इस भर्ती के जरिये अलग-अलग विभागों में 1107 नए पद जोड़े गए हैं। यानी कि अब 25311 की बजाय 26,426 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस भर्ती के लिए पूरी तरह से फॉर्म भरकर सबमिट करने की आखिरी तारीख 16 फरवरी 2026 है। इस भर्ती के लिए आवेदन की आखिरी तारीख कई बार बढ़ाई जा चुकी है। इस भर्ती में 33 लाख से ज्यादा आवेदन आ चुके हैं।
क्यों गुस्साए छात्र ?
बताते चलें कि इस भर्ती के लिए आवेदन की तारीख बार-बार बढ़ाई जा रही है। ऐसे में परीक्षा की तारीख का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों में गुस्सा है। उनका कहना है कि बार बार फॉर्म रीओपन करके तारीख आगे बढ़ाई जा रही है। इस भर्ती का मजाक उड़ रहा है।
कब आया था इंटर लेवल भर्ती का विज्ञापन
सबसे पहले इंटर लेवल भर्ती परीक्षा का विज्ञापन साल 2014 में निकाला गया था। इसका फाइनल रिजल्ट सात सालों में पूरा हुआ था। बता दें कि अभ्यर्थियों की चयन प्रारंभिक लिखित परीक्षा, मुख्य परीक्षा और स्किल टेस्ट से होगा। साथ ही परीक्षा भी ऑनलाइन मोड में होगी। बताते चलें कि भर्ती के लिए प्रीलिम्स एग्जाम ऑब्जेक्टिव टाइप होगा। प्रीलिम्स एग्जाम में सामान्य अध्ययन, सामान्य विज्ञान, गणित और मानसिक क्षमता से सवाल पूछे जाएंगे। इसमें कुल 150 सवाल होंगे। हर एक गलत उत्तर के लिए एक अंक काटा जाएगा। वहीं पेपर 2 घंटा 15 मिनट का होगा।
अलग-अलग शिफ्टों में परीक्षा होगी और रिजल्ट नॉर्मलाइज्ड तरीके से जारी किया जाएगा। वहीं वैकेंसी से पांच गुना उम्मीदवारों को पीटी में पास किया जाएगा। बता दें कि ये अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में बैठेंगे।
