BPSC 72nd Combined Preliminary Exam: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 72वीं एकीकृत संयुक्त प्रतियोगी प्रारंभिक परीक्षा 2026 की परीक्षा तिथि घोषित कर दी है। आयोग के अनुसार, 72वीं प्रारंभिक परीक्षा 26 जुलाई 2026 (रविवार) को आयोजित की जाएगी। परीक्षा राज्यभर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर एक ही पाली में होगी। परीक्षा का समय दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस भर्ती अभियान के माध्यम से कुल 1,186 रिक्त पदों को भरा जाना है। आयोग ने पहले 1,230 पदों की घोषणा की थी, लेकिन बाद में कुछ पदों में संशोधन के बाद रिक्तियों की संख्या घटाकर 1,186 कर दी गई।
तीन चरणों में होगी परीक्षा
BPSC की यह परीक्षा बिहार सरकार के विभिन्न प्रशासनिक और राजपत्रित पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की जाती है। BPSC 72वीं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा तीन चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले चरण में प्रारंभिक परीक्षा होगी। इसमें सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा (Mains) के लिए बुलाया जाएगा। मुख्य परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को इंटरव्यू देना होगा। अंतिम मेरिट सूची मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी।
आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा एक ही पाली में आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए कुल दो घंटे का समय दिया जाएगा।
- परीक्षा का नाम: एकीकृत 72वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा
- परीक्षा तिथि: 26 जुलाई 2026
- परीक्षा समय: दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक
- परीक्षा अवधि: 2 घंटे
- परीक्षा एकल पाली में आयोजित होगी।
कब जारी होगा एडमिट कार्ड
आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाले अपडेट पर नजर बनाए रखें। परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जुलाई के तीसरे सप्ताह में जारी किए जाने की संभावना है। उम्मीदवार अपने लॉगिन क्रेडेंशियल की मदद से इसे डाउनलोड कर सकेंगे।
इन बातों का रखना होगा ध्यान
इस परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें और अपने साथ एडमिट कार्ड के साथ वैध फोटो पहचान पत्र अवश्य लेकर जाएं। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और प्रतिबंधित वस्तुओं के साथ प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
