BPSC TRE 4: बिहार में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। बिहार लोक सेवा आयोग TRE-4 को लेकर जारी विज्ञापन और आवेदन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया जा रहा है। पहले तय कार्यक्रम के मुताबिक 1 सितंबर 2026 से शिक्षक भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू होने थे, लेकिन आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से ठीक पहले इसे स्थगित कर दिया गया है।
BPSC ने TRE-4 के तहत करीब 32 हजार 388 शिक्षक पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। इसमें कक्षा 1 से 12 तक के अलग-अलग स्तरों के शिक्षक पद शामिल थे। विज्ञापन के मुताबिक प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर पर भर्तियां होनी थीं लेकिन इसी बीच शिक्षक अभ्यर्थियों की ओर से भर्ती प्रक्रिया में लागू किए गए नए प्रावधानों को लेकर प्रदर्शन शुरू हो गया। जिसके बाद सरकार को अभ्यर्थियों की मांगों के आगे झुकना पडा और नए प्रावधान को वापस लेना पड़ा।
इसके बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुद सोशल मीडिया प्लेफॉर्म X पर इस बात की घोषणा की कि बिहार शिक्षक भर्ती प्रक्रिया पहले की तरह अब एक चरण में ही होगी। वहीं, भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने की दिशा में भी सरकार की ओर से संकेत दिए गए हैं। कुछ पदों की वैकेंसी में बदलाव भी सामने आया है।
निगेटिव मार्किंग को लेकर क्या है नियम
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की ओर से TRE-4 में नेगेटिव मार्किंग लागू किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। दरअसल, अभ्यर्थी निगेटिव मार्किंग को लेकर कन्फयूज थे जिसके बाद शिक्षा मंत्री ने बयान जारी कर इस बात की पुष्टि की कि बिहार शिक्षक भर्ती परीक्षा एक चरण में होगी लेकिन निगेटिव मार्किंग का प्रावधान जारी रहेगा। शिक्षा मंत्री का कहना है कि इससे परीक्षा में गंभीर और योग्य अभ्यर्थियों का चयन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। निगेटिव मार्किंग का प्रावधान इसी बार किया गया है।
