Bihar Board Exam 2026: बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड यानी बिहार बोर्ड कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं कल यानी मंगलवार, 17 फरवरी से शुरू होने वाली है। परीक्षा की तैयारी कर रहे 10वीं 12वीं के करीब 15 लाख से अधिक छात्र और छात्राएं परीक्षा में शामिल होने वाले हैं। लेकिन इस बीच बोर्ड परीक्षा में नकल को रोकने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। छात्रों के लिए भी कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिसमें परीक्षा केंद्र पर देरी से न पहुंचने की सलाह भी दी गई है। इसके साथ ही जो छात्र एडमिट कार्ड भूल जाते हैं उनके लिए भी कुछ नियम हैं। अगर आप भी किसी वजह से अपना एडमिट कार्ड भूल जाते हैं तो आइए आपको बताएं आप क्या कर सकते हैं।
बिहार बोर्ड परीक्षाएं 2026 दो शिफ्टों में होगी पूरी
बिहार बोर्ड द्वारा आयोजित की जा रही कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन 2 शिफ्ट में किया जाएगा। पहली शिफ्ट सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.45 बजे की है, जबकि दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे की है।
परीक्षा केंद्र पर देरी से न पहुंचे
बिहार बोर्ड ने बीते दिनों छात्रों के लिए परीक्षा केंद्र से संबंधित निर्देश जारी किए थे। जिसमें छात्रों को सलाह दी गई थी कि वह परीक्षा केंद्र पर परीक्षा के समय से 1 घंटे पहले पहुंचें। बोर्ड ने यह भी बताया था कि परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले एग्जाम सेंटर के गेट बंद कर दिए जाएंगे और उसके बाद किसी भी छात्र की एंट्री नहीं होगी।
इसका अर्थ यह है कि सुबह की शिफ्ट यानी सुबह 9.30 बजे शुरू होने वाली परीक्षा के लिए छात्रों को किसी भी स्थिति में 9 बजे तक केंद्र में प्रवेश लेना है, उसके बाद प्रवेश प्रतिबंधित होगा। वहीं दूसरी शिफ्ट में परीक्षा देने वाले छाों को 1.30 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना है।
जोर-जबरदस्ती से परीक्षा केंद्र प्रवेश पड़ सकता है भारी
बिहार बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, यदि कोई छात्र देरी से पहुंचने पर परीक्षा केंद्र में जोर-जबरदस्ती या फिर दीवार फांदकर प्रवेश करने की कोशिश करता है तो ऐसी स्थिति में उसे 2 साल के लिए परीक्षा से बाहर कर दिया जाएगा। इसका अर्थ यह है कि छात्र आने वाले 2 साल तक बोर्ड परीक्षा नहीं दे पाएगा। इसलिए छात्रों को सलाह है कि समय से पहले पहुंचे ताकि उनके साल भर की मेहनत खराब न हो।
Bihar Board Exam 2026 एडमिट कार्ड खो जाने पर क्या करें?
बिहार बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को बता दें कि यदि किसी स्थिति में उनका एडमिट कार्ड खो जाता है या फिर घर छूट जाता है तो भी उन्हें परेशान होने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि वह बिना एडमिट कार्ड के भी परीक्षा में बैठ पाएंगे। छात्र परीक्षा केंद्र की अटेंडेंस शीट पर में लगी उनकी फोटो और रोल नंबर से आधार पर परीक्षा में बैठ सकते है। लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि छात्र एडमिट कार्ड को लेकर लापरवाह हो जाएं।
