Bihar Assistant Professor Recruitment 2026: बिहार में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण खबर आई है। बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग यानी बीएसयूएससी ने राज्य के नए बने 211 सरकारी डिग्री कॉलेजों में कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर होने वाली असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती की सीटों में बड़ा बदलाव किया है। आयोग द्वारा जारी नए नोटिफिकेशन के मुताबिक, पहले घोषित किए गए 3,687 पदों को घटाकर अब 2,532 कर दिया गया है। सीटों की संख्या में यह कटौती उच्च शिक्षा विभाग द्वारा भेजे गए नए रोस्टर और संशोधित रिक्तियों के आधार पर की गई है।
अब यह पूरी भर्ती केवल छह मुख्य विषयों के लिए की जाएगी। खास बात यह है कि आयोग ने सभी विषयों में बराबर-बराबर सीटें बांटी हैं। विषयों का विवरण कुछ इस प्रकार है:
- हिंदी: 422 पद
- अंग्रेजी: 422 पद
- अर्थशास्त्र (इकोनॉमिक्स): 422 पद
- इतिहास (हिस्ट्री): 422 पद
- राजनीति विज्ञान (पॉलिटिकल साइंस): 422 पद
- समाजशास्त्र (सोशियोलॉजी): 422 पद
इन सभी छह विषयों की सीटों को मिलाकर कुल 2,532 पदों पर ही उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
वैकेंसी घटने की वजह और भर्ती का शेड्यूल
उच्च शिक्षा विभाग ने 15 जुलाई 2026 को सभी विश्वविद्यालयों और विषयों का एक नया संशोधित रोस्टर आयोग को सौंपा है, जिसकी वजह से पदों की संख्या कम हुई है। हालांकि, पदों की संख्या भले ही कम हो गई हो, लेकिन आवेदन करने की आखिरी तारीख में कोई बदलाव नहीं किया गया है। (BSUSC) उम्मीदवार पहले से तय तारीखों के अनुसार ही अपना फॉर्म सबमिट कर सकते हैं।
इंटरव्यू और जॉइनिंग का शेड्यूल:
- इंटरव्यू की शुरुआत: 20 जुलाई 2026 से
- फाइनल रिजल्ट: जुलाई के आखिरी हफ्ते या अगस्त के पहले हफ्ते में
- जॉइनिंग की आखिरी तारीख: 7 अगस्त 2026 तक
चयन का आधार पूरी तरह मेरिट पर निर्भर है, जिसमें कुल 100 अंकों का गणित रखा गया है। आपके एकेडमिक स्कोर यानी शैक्षणिक योग्यता के लिए 88 अंक तय हैं, जबकि इंटरव्यू के लिए 12 अंक रखे गए हैं।
ये भी जानें
आयोग ने साफ किया है कि वर्तमान में अलग-अलग यूनिवर्सिटी में पढ़ा रहे गेस्ट टीचर्स की नौकरी पर इस बदलाव का कोई असर नहीं पड़ेगा, वे पहले की तरह काम करते रहेंगे। चूंकि यह भर्ती पूरी तरह संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) के आधार पर हो रही है, इसलिए जो अभ्यर्थी भविष्य में पक्की सरकारी नौकरी (परमानेंट पोस्ट) की उम्मीद कर रहे हैं, उन्हें यह समझना होगा कि विश्वविद्यालयों से रिक्तियों का नया डेटा मिलने के बाद रेगुलर असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए अलग से विज्ञापन निकाला जाएगा। इस अनुभव का फायदा आपको उस पक्की भर्ती में वेटेज के रूप में मिल सकता है।
किसी भी नए अपडेट के लिए केवल बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग की ऑफिशियल वेबसाइट bsusc.bihar.gov.in पर ही विजिट करें।
