JEE Advanced Success Story: देश की सबसे कठिन इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में शामिल जेईई एडवांस्ड 2026 में 14 वर्षीय छात्र ने सफलता हासिल कर सभी को चौंका दिया है। उत्तर प्रदेश के रहने वाले युवराज ने महज 14 वर्ष की उम्र में परीक्षा पास कर यह साबित कर दिया कि उम्र नहीं, बल्कि मेहनत और लगन सफलता की सबसे बड़ी कुंजी होती है। उनकी उपलब्धि की तुलना बिहार के युवा क्रिकेट स्टार वैभव सूर्यवंशी से की जा रही है, जिन्होंने कम उम्र में क्रिकेट की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गोरखपुर के रहने वाले युवराज ने केवल एक वर्ष की ऑनलाइन तैयारी के दम पर इस परीक्षा में अपनी कैटेगरी में 1640वीं रैंक प्राप्त की। वह वर्तमान में कक्षा 12 के छात्र हैं और अपनी असाधारण शैक्षणिक क्षमता के कारण शुरुआती वर्षों में दो कक्षाएं भी आगे बढ़ चुके हैं। कम उम्र होने के कारण उन्हें उच्च कक्षाओं में प्रवेश के लिए जिला प्रशासन से विशेष अनुमति भी लेनी पड़ी थी।युवराज की सबसे खास बात यह है कि उन्होंने हिंदी माध्यम से पढ़ाई करते हुए यह सफलता हासिल की।
युवराज की सफलता इस बात का सबूत है आज ऑनलाइन शिक्षा और मातृभाषा में उपलब्ध अध्ययन सामग्री के जरिए भी देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जा सकता है। उनकी कहानी उन लाखों छात्रों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े लक्ष्य हासिल करने का सपना देखते हैं।
इतनी कम उम्र में कैसे दे पाया JEE
शुरुआती स्कूली शिक्षा में युवराज ने दो क्लास छोड़ दी थीं। काफी प्रतिभाशाली होने के चलते उसे मौका दिया गया। 12वीं कक्षा में उनके साथ पढ़ने वाले बाकी छात्र उनसे उम्र में काफी बड़े हैं, लेकिन सभी ने उनका काफी सपोर्ट किया। इसके साथ ही उनके स्कूल ने भी JEE की कोचिंग के लिए उन्हें पूरा सहयोग दिया। कम उम्र की वजह से उसे ऊंची क्लास में एडमिशन के लिए जिला अधिकारियों से खास मंजूरी भी लेनी पड़ी। उसकी सफलता हिंदी और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए तैयारी करने वाले छात्रों के लिए प्रेरणा बन गई है।
