Lady Don Zikra : दिल्ली के सीलमपुर इलाके में 17 साल के किशोर की हत्या मामले में गिरफ्तार 'लेडी डॉन' जिकरा ने पूछताछ में बड़ा खुलासा किया है। सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में जिकरा ने पुलिस को बताया है कि वह 'मुस्लिम लेडी डॉन' बनना चाह रही थी। इसके लिए वह अपने गैंग में एक ही समुदाय के लड़कों की भर्ती कर उसका विस्तार कर रही थी। यही नहीं गिरोह में शामिल करने के लिए वह नाबालिग मुस्लिम लड़कों को बरगलाती थी। दूसरे धर्म के लोगों को वह काफिर बताती थी।
ड्रग कारोबार में भी शामिल है जिकरा
सूत्रों के मुताबिक जिकरा ने बताया है कि वह दिल्ली में ड्रग के कारोबार में भी संलिप्त है। वह हाशिम बाबा और उसकी पत्नी जोया के नेटवर्क से जुड़ी है। इस हत्या मामले में जिकरा दो दिन की पुलिस हिरासत में है। पुलिस ने कोर्ट से कहा था कि उसे हिरासत में लेकर पूछताछ करने की जरूरत है। पुलिस इस हत्याकांड के अन्य आरोपियों तक पहुंचना और हत्याकांड में इस्तेमाल हथियार को बरामद करना चाहती है। पुलिस का कहना है कि जिकरा के चचेरे भाई साहिल एवं दिलशाद ने कथित रूप से कुणाल पर चाकू से वार किए।
पुलिस की 10 टीम बनाई गई
सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान जिकरा ने बताया है कि बीते नवंबर में लाला और शंभू नाम के दो लड़कों ने उसके चचेरे भाई साहिल पर हमला किया था। ये दोनों कुणाल के दोस्त हैं। हमले के वक्त कुणाल भी वहां मौजूद था, चूंकि वह किशोर था इसलिए एफआईआर में उसका नाम नहीं था। जिकरा और साहिल इस हमले के लिए साहिल को जिम्मेदार मानते थे और दोनों उससे बदला लेना चाहते थे। इस हत्याकांड में फरार चल रहे अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने 10 टीम बनाई है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल और उनके संभावित ठिकानों पर छापे मार रही है।
कुणाल की चाकू घोंपकर हत्या
दिल्ली पुलिस ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में 17 वर्षीय एक लड़के की चाकू घोंपकर हत्या करने के मामले में दो नाबालिगों समेत आठ लोगों को पकड़ा है। आठों आरोपियों को शनिवार को पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि आरोपियों में से छह की पहचान साहिल (18), सोहैब (35), नफीश (32), अनीश (19), जाहिदा (42) और विकास (29) के रूप में हुई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जेल में बंद गैंगस्टर हाशिम बाबा की पत्नी के लिए बाउंसर के रूप में काम करने वाली जिकरा (19) को 18 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया और मामले में दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। न्यू सीलमपुर निवासी कुणाल की 17 अप्रैल की शाम को झुग्गी सीलमपुर के जे-ब्लॉक में चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। परिजनों ने कुणाल को जेपीसी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
