क्राइम

Bengaluru Crime: बस का इंतजार कर रही युवती हुई दरिंदगी का शिकार, आरोपियों ने गैंगरेप के बाद की लूटपाट

Bengaluru Crime: बेंगलुरु के केआर मार्केट के पास बस का इंतजार कर रही एक महिला के साथ गैंगरेप किया गया है। दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला की ज्वेलरी, मोबाइल और नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।

Image

बस का इंतजार कर रही युवती हुई दरिंदगी का शिकार

Bengaluru Crime: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक शर्मसार कर देने वाली खबर आई है। यहां केआर मार्केट में बस का इंतजार कर रही एक महिला के साथ सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद महिला के ज्वेलरी, नकदी और मोबाइल फोन लूटकर वहां से फरार हो गए। पीड़िता ने सेंट्रल डिवीजन के महिला पुलिस थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू की और एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। ताकि अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके।

गैंग रेप कर महिला की ज्वेलरी और मोबाइल लूटा

सूत्रों के अनुसार मिली जानकारी से एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार रात करीब 11:30 बजे बेंगलुरु के केआर मार्केट इलाके में गोडाउन स्ट्रीट के पास हुई। पुलिस ने इस मामले के संबंध में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की जा रही है। पीड़िता येलहंका इलाके में जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। महिला ने आरोपियों से अपने गंतव्य तक जाने वाली बस के बारे में पूछा था। उसका फायदा उठाते हुए, आरोपियों ने खुद को नेक इंसान बताते हुए उससे कहा कि उन्हें पता है कि बस कहां रुकेगी और उसे अपने साथ ले गए।

आरोपी उसे गोडाउन स्ट्रीट ले गए, जहां उन्होंने उसका गैंगरेप किया। इसके बाद आरोपियों ने उसके आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया और फरार हो गए। पुलिस ने पूरे इलाके की सीसीटीवी फुटेज निकाल ली है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना के संबंध में अभी और अधिक जानकारी सामने आना बाकी है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर साधा निशाना

इस घटना पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा, "कर्नाटक लुटेरों और बलात्कारियों के लिए स्वर्ग बन गया है।" प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा, "कर्नाटक कभी अपनी संस्कृति, मूल्यों और सुरक्षा के लिए जाना जाता था, अब डकैती और अत्याचारों के केंद्र के रूप में कुख्यात हो रहा है। बेंगलुरु में केआर मार्केट के पास बस का इंतजार कर रही महिला के साथ सामूहिक बलात्कार और लूट की वारदात बेहद जघन्य और अमानवीय घटना है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था को उजागर करती है।

उन्होंने कहा कि बेंगलुरु सामूहिक बलात्कार मामले को पूरी गंभीरता से लिया जाना चाहिए। दोषियों को पकड़ा जाना चाहिए और उन्हें कड़ी सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा, "हत्याओं, डकैतियों, महिलाओं के खिलाफ अपराध और बलात्कार के मामलों ने नागरिक समाज को निराशा में डाल दिया है। अगर ऐसी घटनाएं फिर से होती रहीं, तो इसमें कोई संदेह नहीं है कि लोग उठ खड़े होंगे और इस सरकार को सबक सिखाएंगे। भाजपा कर्नाटक राज्य की कानून-व्यवस्था की सुरक्षा के लिए लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।"

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article