Dwarka Murder : दिल्ली के द्वारका में हत्या का एक सनसनीखेज वारदात सामने आया है। यहां एक 23 साल की युवक ने 42 साल की महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। महिला और युवक दोनों एक साथ जिम जाया करते थे। महिला को गोली मारने के बाद आरोपी आशीष ने सुसाइड कर लिया। महिला के तीन बच्चे हैं और पति प्रॉपर्टी डीलर का काम करते हैं। महिला को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। डाबरी इलाके में हत्या की यह वारदात लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित किया
घटना की जानकारी मिलने पर डाबरी पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। द्वारका के डीसीपी एम हर्ष वर्धन ने बताया कि मृतका रेनू डाबरी की रहने वाली थी। शाम करीब 8.45 बजे पुलिस को इस घटना के बारे में जानकारी हुई। गोली लगने से घायल महिला को पुलिस अस्पताल लेकर गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी और महिला दोनों एक दूसरे को जानते थे
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी महिला का परिचित था। बताया गया कि गुरुवार रात करीब सवा आठ बजे रेनू अपने घर के बाहर खड़ी थी तभी आरोपी वहां आया और उस पर दो राउंड फायरिंग की। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। यहां तक कि उसने लोगों को डराने के लिए हवा में पिस्टल लहराया।
हत्या की वजह का पता लगा रही पुलिस
पलिस का कहना है कि आरोपी को दबोचने के लिए पुलिस की कई टीमें तैनात की गईं। पुलिस जब आरोपी आशीष के घर पहुंची तो छत पर उसकी लाश मिली। उसने खुद को गोली मारकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी और महिला दोनों एक दूसरे को जानते थे और कुछ सालों तक दोनों एक ही जिम में जाया करते थे। आशीष ने रेणू को गोली क्यों मारी इसका पता अभी नहीं चल पाया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
