क्राइम

शादी का प्रस्ताव ठुकराया, सिरफिरे ने विधवा पर चाकू से किया हमला; मर्डर से सनसनी

फरीदाबाद में शादी से इनकार करने पर पड़ोसी ने महिला की हत्या कर दी। महिला के पति की 2018 में मौत होने के बाद से वह अकेली रहती थी और अपनी आजीविका के लिए विश्वविद्यालय के भोजनालय में काम करती थी।

Image

(सांकेतिक फोटो)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में एक व्यक्ति ने विवाह का प्रस्ताव ठुकराने पर 40 वर्षीय एक विधवा महिला की कथित तौर पर हत्या कर दी। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी अशोक उर्फ नंदलाल शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता है। उन्होंने बताया कि आरोपी फरार है और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने बताया कि यह घटना तब हुई जब मानव रचना विश्वविद्यालय के भोजनालय में काम करने वाली अनीता पर गुरुवार को आरोपी ने हमला कर दिया। उसने बताया कि शुक्रवार रात इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।

आरोपी करता था पीछा

अनीता की भाभी ज्योति ने शिकायत में आरोप लगाया कि अशोक अनीता का पीछा करता था और उसे परेशान करता था, लेकिन ‘‘सामाज में बदनामी’’ के डर से उसने कभी इसकी शिकायत नहीं की। पुलिस ने बताया कि गुरुवार की सुबह अनीता अपनी सहेली संगीता के साथ काम पर जा रही थी, तभी झाड़ियों में छिपे नंदलाल ने अचानक उसका रास्ता रोक लिया और जोर देकर कहा कि वह उसके साथ चले।

उसने बताया कि जब अनीता ने उसके साथ चलने से इनकार कर दिया तो उसने उस पर हमला कर दिया और वह उसकी गर्दन पर तीन बार चाकू से वार कर भाग गया। पुलिस ने बताया कि संगीता और स्थानीय लोगों ने अनीता को अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी मौत हो गई। उसने बताया कि सूरजकुंड पुलिस थाने में हत्या के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि अनीता झारखंड की रहने वाली थी और उसकी शादी 2012-13 में फरीदाबाद के राकेश से हुई थी। राकेश की 2018 में मौत होने के बाद से वह अकेली रहती थी और अपनी आजीविका के लिए विश्वविद्यालय के भोजनालय में काम करती थी।

सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद सिंह ने कहा, ‘‘हमने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए छह विशेष टीम गठित की गई हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article