क्राइम

बेड बॉक्स' में मिली महिला की डेडबॉडी, पति से रह रही थी अलग; शव की ऐसी थी हालत

दिल्ली के शाहदरा में पति से अलग रह रही महिला की क्षत विक्षत डेडबॉडी बेड बॉक्स से कंबल में लिपटी हुई बरामद हुई है। हत्या दो से तीन दिन पहले हुई प्रतीत होती है।

Image

सांकेतिक फोटो

नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के एक फ्लैट में महिला का शव ‘बेड बॉक्स’ में मिलने के एक दिन बाद शनिवार को बताया कि महिला अपने पति से अलग रह रही थी और उसका अपने माता-पिता से भी कोई संपर्क नहीं था। महिला की पहचान पंजाब निवासी अंजू उर्फ अंजलि के रूप में हुई है और उसकी उम्र 30 से 40 साल के बीच है। उचित सत्यापन और अधिक जानकारी के लिए लुधियाना में रह रहे महिला के माता-पिता से संपर्क किया गया है।

क्षत-विक्षत था महिला का शव

दिल्ली के शाहदरा में शुक्रवार को एक फ्लैट में ‘बेड बॉक्स’ में कंबल में लिपटा एक महिला का क्षत-विक्षत शव मिला था। घर के मालिक विवेकानंद मिश्रा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि महिला की पहचान करने के लिए पुलिस की एक टीम को उसके माता-पिता को लाने के लिए लुधियाना भेजा गया है क्योंकि वे बहुत गरीब हैं।

अधिकारी ने बताया कि महिला विवाहित थी और अपने पति से अलग दिल्ली में रहती थी। पति बिहार में रहता है। उन्होंने बताया कि अंजू का अपने माता-पिता से कोई संपर्क नहीं था। पुलिस ने बताया कि मिश्रा को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया और उससे पूछताछ की जा रही है। उसकी उम्र 55 से 60 वर्ष के बीच है। बयानों की पुष्टि करने और अपराध का मकसद जानने की कोशिश कर रहे हैं। विवेक विहार थाने को इलाके में डीडीए फ्लैट से दुर्गंध आने की सूचना मिली थी।

पुलिस उपायुक्त (शाहदरा) प्रशांत गौतम ने बयान में कहा, “जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उसे घर अंदर से बंद मिला और पिछले दरवाजे के पास खून के निशान थे। फ्लैट खोलने पर बेड बॉक्स के अंदर एक महिला का क्षत-विक्षत शव मिला, जो कंबल में लिपटा हुआ था। प्रतीत होता है कि महिला शादीशुदा थी, क्योंकि उसने लाल चूड़ियां पहन रखी थीं। हत्या दो से तीन दिन पहले हुई प्रतीत होती है। शुरुआती जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मिश्रा बृहस्पतिवार रात और शुक्रवार दोपहर को फ्लैट में आया था। पुलिस ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और जांच जारी है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article