क्राइम

किसने किया सैफ पर हमला, कहां तक पहुंची पुलिस की जांच, क्यों नहीं हुई अभी तक एक भी गिरफ्तारी? जानिए सबकुछ

अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले के मामले में अभी तक पुलिस ने किसी को गिरफ्तार नहीं किया है। पुलिस ने किसी भी संदिग्ध को हिरासत में नहीं लिया है। पुलिस अभी भी संदिग्ध की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Image

सैफ अली खान पर किसने किया हमला (फोटो- PTI&ANI)

KEY HIGHLIGHTS
  • सैफ पर हमले मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं
  • कोई भी संदिग्ध पुलिस की हिरासत में नहीं
  • संदिग्ध की गिरफ्तारी के लिए छापे मार रही पुलिस

सैफ अली खान पर हमला हुए 24 घंटे से ऊपर हो चुके हैं, मुंबई को अनसेफ सिटी की टैग मिलने लगा है, मंत्रियों और नेताओं का बयान आने लगे हैं, लेकिन इन सबके बीच एक ऐसा सवाल है, जिसका जवाब अभी तक पुलिस नहीं दे पाई है। सैफ पर हमला करने वाला कहां है और कौन है? इसका जवाब अभी तक पुलिस नहीं दे पाई है। इस मामले में न तो पुलिस ने किसी को गिरफ्तार किया है और न ही किसी को हिरासत में लिया है।

सैफ पर हमले मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं

मुंबई पुलिस ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि अभिनेता सैफ अली खान के मामले से संबंधित किसी भी व्यक्ति को अभी तक हिरासत में नहीं लिया गया है। पहले खबर आई थी कि एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए बांद्रा पुलिस स्टेशन लाया गया था, हालांकि पुलिस ने अब इस संभावना को खारिज करते हुए कहा है कि वह व्यक्ति सैफ अली खान मारपीट मामले से संबंधित नहीं है।

सैफ केस में कहां तक पहुंची जांच

आज मुंबई पुलिस ने बताया कि उन्होंने सैफ की पीठ से निकाले गए ब्लेड के एक हिस्से को अपने कब्जे में ले लिया है, जबकि बाकी हिस्से को बरामद करने की कोशिशें अभी भी जारी हैं। मुंबई पुलिस ने यह भी बताया कि बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हमले में शामिल कथित आरोपी को आखिरी बार बांद्रा रेलवे स्टेशन के पास देखा गया था और उसे पकड़ने के लिए तलाश जारी है। पुलिस को शक है कि घटना के बाद संदिग्ध ने सुबह पहली लोकल ट्रेन पकड़ी और वसई विरार की ओर चला गया। मुंबई पुलिस की टीमें वसई, नालासोपारा और विरार इलाकों में तलाशी ले रही हैं।

कैसी है सैफ की तबीयत

सैफ अली खान के शरीर में लगे हेक्सा ब्लेड को डॉक्टरों ने निकाल दिया है। सैफ की हालत में स्थिर है। बता दें कि 16 जनवरी को अभिनेता पर एक अज्ञात शख्स ने चाकू से छह बार वार किया था। छह घावों में से दो गंभीर बताए बताए गए। ये जख्म उनकी रीढ़ की हड्डी के करीब थे। वारदात तड़के सुबह 2 बजकर 15 मिनट पर हुई थी। चोर सैफ के बांद्रा स्थित आलीशान घर में घुसा और उनके नौकरों पर हमला किया फिर जब सैफ ने बीच-बचाव किया तो उसने उन पर भी हमला कर दिया। घटना के समय करीना अपने दोनों बच्चों तैमूर और जेह के साथ घर पर ही मौजूद थीं। बेटे जेह के कमरे में हुए शोरगुल से अभिनेता जाग गए। बाहर आकर उन्होंने देखा कि अपराधी उनकी घरेलू सहायिका से बहस कर रहा था, यह देखकर सैफ ने अपराधी से उन्हें बचाने की कोशिश की, जिस पर उसने उन पर हमला कर दिया।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article