क्राइम

पश्चिम बंगाल में बवाल: नाबालिग का शव मिलने के बाद भड़के लोग, पुलिस चौकी में तोड़फोड़-आगजनी; रेप की आशंका

West Bengal News: ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शुक्रवार शाम से लापता नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई तथा पुलिस ने उनकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई नहीं की। हालांकि, पुलिस ने दावा किया कि इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

Image

पश्चिम बंगाल में नाबालिग की हत्या के बाद बवाल।

Photo : iStock

West Bengal News: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में शनिवार को नहर में 10-वर्षीय एक लड़की का शव मिलने के बाद बवाल मच गया। स्थानीय लोगों ने यहां एक पुलिस चौकी में आगजनी करने के अलावा वाहनों में तोड़फोड़ भी की। पुलिस के मुताबिक, ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शुक्रवार शाम से लापता नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई तथा पुलिस ने उनकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई नहीं की।

जयनगर इलाके में शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने जैसे ही लड़की का शव बरामद किया, भीड़ ने पुलिस चौकी में आग लगा दी और पुलिसकर्मियों पर पथराव किया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों ने चौकी के बाहर खड़े कई वाहनों में तोड़फोड़ भी की और पुलिसकर्मियों को परिसर छोड़ने पर मजबूर कर दिया।

पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले

हिंसा के बाद इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को भेजा गया और एसडीपीओ एवं अन्य वरिष्ठ पुलिसकर्मियों को मौके पर ही रोकने की कोशिश कर रही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए। एक स्थानीय व्यक्ति ने दावा किया, लड़की के परिजनों ने इलाके के महिसमारी चौकी में प्राथमिकी दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने शिकायत पर तुरंत कार्रवाई नहीं की। एक अन्य ग्रामीण ने बताया कि पुलिस ने उसी तरह व्यवहार किया, जैसा उन्होंने आरजी कर अस्पताल में एक महिला डॉक्टर का शव मिलने के बाद किया था। गणेश डोलुई नामक एक स्थानीय ने कहा, हम तब तक अपना आंदोलन जारी रखेंगे जब तक कि हमारी नाबालिग बेटी के दुष्कर्म और हत्या में शामिल सभी लोगों को सजा नहीं मिल जाती। हम उन लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग करते हैं, जिन्होंने शिकायत पर देरी से कार्रवाई की, जिसके कारण उसकी मौत हो गयी। अगर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की होती तो लड़की को बचाया जा सकता था।

एक आरोपी गिरफ्तार

हालांकि, पुलिस ने कहा कि शिकायत मिलने के तुरंत बाद कार्रवाई की गई और लड़की के साथ कथित दुष्कर्म एवं हत्या के सिलसिले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारी ने कहा, शुक्रवार रात नौ बजे प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस हरकत में आई और शुरुआती जांच के बाद आज सुबह एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले की जांच जारी है और हम मृतक के परिवार के साथ हैं।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article