Kaushambi Crime News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी से बड़ी खबर सामने आई है। यहां ट्रिपल मर्डर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के मुताबिक, संदीपन घाट क्षेत्र के पंडा चौराहा में गुरुवार की रात सोते समय ससुर, दामाद और बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने आधा दर्जन घरों को आग के हवाले कर दिया।
कौशांबी में ट्रिपल मर्डर के बाद लोगों ने घरों में लगाई आग
हालात बिगड़ते देख पूरे इलाके में भारी पुलिसफोर्स तैनात की गई है। पुलिस हालात को काबू करने के प्रयास में जुटी है। घटना के पीछे भूमि विवाद का मामला बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
जमीन विवाद में मारी गई गोली
जानकारी के मुताबिक, छबिलवा निवासी 62 वर्षीय होरीलाल की जमीन पंडा चौराहा पर है। इस जमीन पर आसपास के कुछ लोगों से उनका विवाद चला आ रहा है। लिहाजा होरीलाल ने विवादित भूमि पर झोपड़ी डालकर अपना कब्जा कर रखा है। होरी लाल के 26 वर्षीय दामाद शिवसागर और 22 वर्षीय बेटी बृजकली निवासी कंकराबाद कोखराज भी झोपड़ी में रहते थे। शिवसागर ने पास में ही किराए की दुकान लेकर सहज जन सेवा केंद्र खोल रखा था। बहरहाल गुरुवार की रात होरी लाल अपने दामाद और बेटी के साथ झोपड़ी के बाहरी हिस्से में सो रहे थे। परिवार वालों का कहना है कि रात को कुछ लोगों ने तीनों की गोली मारकर हत्या कर दी।
ग्रामीणों ने बंद घरों का लगाई आग
स्वजन को सुबह तब जानकारी हुई जब वह करीब छह बजे वहां पहुंचे। घटना के बाद आस पास घर वालों का घर बंद था। जानकारी होने पर छबिलवा के ग्रामीण भी आ गए। अक्रोशित स्वजन और ग्रामीणों ने बंद घरों को आग के हवाले कर दिया। मौके पर पुलिस पहुंच गई है। इस संबंध में एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि फोर्स मौके पर पहुंचकर फिलहाल हालात पर काबू पाने का प्रयास कर रही है। जल्द ही घटना का वाजिब कारण पता लग जायेगा। फिलहाल भूमि संबंधी विवाद का मामला पता चल रहा है।
