क्राइम

सोशल मीडिया पर दोस्ती...और फिर छात्रा के साथ हुआ शर्मनाक कांड

पीड़िता ने बताया कि उन्होंने (आरोपियो) ने उसे ट्यूशन सेंटर छोड़ने के बहाने कार में बिठा लिया जबकि उसने बार-बार मना किया था। इसके बाद आरोपी उसे एक सुनसान इलाके में ले गए जहां दोनों ने उससे दुष्कर्म किया।

Image

(सांकेतिक फोटो)

गुरुग्राम : हरियाणा में सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद कक्षा 11 की एक छात्रा को दो व्यक्तियों ने कथित तौर पर अगवा कर लिया और उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को ट्यूशन जा रही 17 वर्षीय लड़की से दुष्कर्म करने के बाद आरोपियों ने उसे उसके घर के पास कार से नीचे फेंक दिया और खुद भाग गए। सरकारी स्कूल की छात्रा की आरोपियों से दो-तीन महीने पहले ही सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ के माध्यम से पहचान हुई थी।

लड़की के पिता की शिकायत के अनुसार, उनकी बेटी शाम साढ़े चार बजे ट्यूशन के लिए घर से निकली थी लेकिन शाम साढ़े छह बजे तक भी वह वापस नहीं लौटी। पिता ने बताया कि जब वह ट्यूशन सेंटर पहुंचे तो उन्हें पता लगा कि उनकी बेटी वहां नहीं आई। पिता ने शिकायत में कहा कि रात के करीब आठ बजे मेरी बेटी घर पहुंची जो डरी हुई थी और रोने लगी।

ट्यूशन सेंटर छोड़ने के बहाने किया अगवा

न्यूज एजेंसी भाषा के हवाले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शिकायत में कहा गया है कि उसने (लड़की) बताया कि जब वह ट्यूशन सेंटर जा रही थी तो दो युवक - लक्ष्य और अंकित - काले रंग की कार में आए। उन्होंने उसे ट्यूशन सेंटर छोड़ने के बहाने कार में बिठा लिया जबकि उसने बार-बार मना किया था। इसके बाद आरोपी उसे एक सुनसान इलाके में ले गए जहां दोनों ने उससे दुष्कर्म किया।

पुलिस ने बताया कि शिकायत के बाद मंगलवार को शिवाजी नगर थाने में आरोपियों के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पीड़िता की मेडिकल जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच की जा रही है। आरोपी छात्र बताए जा रहे हैं और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article