क्राइम

UP : खून से सना पड़ा था किन्नर, ऊपर फंदे से लटका था युवक; क्या है हत्या-आत्महत्या का राज

उत्तर प्रदेश के बलिया में कई दिनों से लापता किन्नर का शव एक कमरे से बरामद हुआ और उसी कमरे में फंदे से लटका एक युवक का शव मिलने सनसनी का माहौल है। पुलिस को आशंका है कि युवक ने किन्नर की हत्या के बाद खुदकुशी कर ली।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

बलिया : जिले के बैरिया क्षेत्र में एक युवक ने दो दिन पहले लापता हुए बिहार निवासी एक किन्नर की कथित तौर पर हत्या करने के बाद फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि बैरिया थाना क्षेत्र के रानीगंज कस्बे में बुधवार की रात विजय गुप्ता (30) ने घर के तीसरी मंजिल पर स्थित अपने कमरे में छत के हुक से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन आज सुबह जब विजय को जगाने के लिए गए तो उसके कमरे का दरवाजा खुला हुआ मिला और अंदर विजय का शव फांसी पर लटकता देख कर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घर को तलाशी ली तो दो दिन पहले लापता हुए बिहार निवासी किन्नर रेखा (65) का रक्तरंजित शव घर की छत पर पाया।

छपरा का रहने वाला था किन्नर

सिंह ने बताया कि किन्नर गत मंगलवार को लापता हो गया था। किन्नरों ने बैरिया थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करायी थी। उन्होंने बताया कि बिहार के छपरा जिले का रहने वाला यह किन्नर रानीगंज कस्बे में किराए के एक मकान में रहता था। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

किन्नर रेखा की हत्या करने के बाद आत्महत्या की आशंका

सिंह के मुताबिक, प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि विजय ने किन्नर रेखा की हत्या करने के बाद आत्महत्या की है क्योंकि सीसीटीवी फुटेज में रेखा को अंतिम बार विजय के घर में जाते हुए देखा गया। उन्होंने कहा कि इसके बाद विजय पर पुलिस का शिकंजा कस गया था और खुद को फंसता देखकर विजय ने आत्महत्या कर ली। मामले की जांच की जा रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमार author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article