Suchana Seth News: अपने चार साल के बेटे की हत्या के आरोप में गिरफ्तार स्टार्ट अप कंपनी की सीईओ के बारे में गोवा पुलिस ने एक और खुलास किया है। पुलिस का कहना है कि गोवा के जिस सर्विस अपार्टमेंट के कमरे में सूचना सेठ ने अपने बेटे की हत्या की, उस कमरे से उसे एक चिट्ठी मिली है। इस चिट्ठी में सूचना ने लिखा है कि 'बेटे को उसके पिता से मिलने की इजाजत देने वाले कोर्ट के आदेश को वह बर्दाश्त नहीं कर सकती।'
पुलिस की हिरासत में है सूचना सेठ।
पत्र की जांच के लिए पुलिस ने फॉरेंसिक भेजा
पुलिस ने पत्र की लिखावट की पहचान करने के लिए पत्र को फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री भेजा है। इससे पहले यह बात सामने आई कि बेटा अपने पिता से मिल न सके इसलिए उसने उसकी हत्या कर दी। सूचना की अपने पति से मुलाकात बेंगलुरु में हुई और 2010 में दोनों ने शादी की। हालांकि, बाद में उनकी शादी शुदा जिंदगी पटरी से उतर गई। अभी दोनों तलाक ले रहे हैं।
बेटा उसे अपने पति की याद दिलाता था-सूचना
सूत्रों का कहना है कि साल 2022 में सूचना ने अपने पति व्यंकट रमन के खिलाफ घरेलू हिंसा का केस भी दर्ज कराया था। सूचना ने दावा किया था कि उसका पति हर महीने 9 लाख रुपए कमाता है इसलिए मेंटिनेंस के रूप में उसे हर माह 2.5 लाख रुपए मिलने चाहिए। यह भी पता चला है कि सूचना ने अपने दोस्तों एवं परिवार के लोगों को बताया था कि बेटे का चेहरा उसके पति से मिलता है और जब वह उसे देखती है तो उसे अपना 'खराब रिश्ता' याद आता है।
पुलिस को सूचना पर शक
इस केस का जांच कर रही गोवा पुलिस को सूचना के बयानों पर संदेह है। वह बेटे की हत्या पर सूचना की ओर से दी गई थ्योरी पर पूरी तरह से भरोसा नहीं कर रही है। सूचना अपने बेटे की हत्या का आरोप कहीं अपने पति पर तो नहीं डालना चाहती थी, पुलिस इस एंगल को भी खंगाल रही है। दरअसल, सूचना पर पुलिस को शक इसलिए हुआ क्योंकि उसने बेटे से मिलने के लिए अपने तलाकशुदा पति व्यंकट रमन को गत शनिवार को वाट्सएप पर संदेश भेजा था।
बेटे से मिलने के लिए पति को भेजा था मैसेज
इस संदेश में सूचना ने लिखा था कि वह रविवार को अपने बेटे से मिल सकता है। लेकिन रविवार को वह अपने बेटे के साथ गोवा के सर्विस अपार्टमेंट में थी। पुलिस को लगता है कि इस हत्याकांड की साजिश में कई और लोग भी शामिल हो सकते हैं और कइयों से इसके तार जुड़े हो सकते हैं।
बेंगलुरु का कोई व्यक्ति शामिल हो सकता है
गोवा में तीन दिनों तक सूचना ने किन लोगों से फोन पर बात की, पुलिस उसके सीडीआर की भी जांच कर रही है। गोवा पुलिस को शक है कि बेंगलुरु का कोई अन्य व्यक्ति भी इस हत्याकांड में शामिल हो सकता है।
