क्राइम

सहारनपुर में पुलिस पर पथराव, यति नरसिंहानंद के विवादित बयान पर मुस्लिम समाज के प्रदर्शन के दौरान हमला

महंत यति नरसिंहानंद की टिप्पणी को लेकर मुस्लिम समाज में नाराजगी है। इसी के मद्देनजर देश के कई राज्यों में विरोध-प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। फिलहाल सहारनपुर पुलिस और प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Image

सहारनपुर में पुलिस पर हमला

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • डासना मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद के बयान पर बवाल
  • सहारनपुर में पुलिस पर प्रदर्शनकारियों का हमला
  • हमलावरों की पहचान करने और पकड़ने में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश के सहानपुर में पुलिसकर्मियों को तब जान बचाकर भागना पड़ गया, जब मुस्लिम समाज के प्रदर्शन के दौरान उनपर पथराव होने लगा। मुस्लिम समाज के लोग यति नरसिंहानंद के विवादित बयान पर प्रदर्शन करने के लिए जुटे थे, तभी उन्हीं में से कुछ ने पुलिस पर हमला बोल दिया।

शेखपुरा पुलिस चौकी पर हमला

डासना मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद के विवादित बयान को लेकर तनाव बढ़ता जा रहा है। मुस्लिम समाज के लोगों ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में रविवार को विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ अराजक तत्वों ने पुलिस चौकी पर पथराव कर दिया। मामला सदर बाजार थाना क्षेत्र की शेखपुरा पुलिस चौकी का है। यति नरसिंहानंद के पैगंबर मोहम्मद पर दिए गए बयान के विरोध में हजारों लोगों ने आज जुलूस निकाला। कुछ लोगों ने शेखपुरा चौकी पर पुलिस को ज्ञापन भी दिया। तभी जुलूस में शामिल अराजक तत्वों ने पुलिस चौकी पर पथराव कर दिया।

हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

सहारनपुर के एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि रविवार को शेखपुरा चौकी पर कुछ ग्रामीणों ने एक ज्ञापन दिया। इसके बाद प्रदर्शन में शामिल कुछ लोगों ने हंगामा करते हुए पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने हालात बिगड़ते देख तुरंत कार्रवाई की। फिलहाल पथराव की घटना को लेकर अराजक तत्वों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पथराव करने वाले उपद्रवियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें बनाई गई हैं और जल्द ही उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article