क्राइम

Suchna Seth News: बैग में रखी थी बेटे की लाश और टैक्सी में शांति से बैठी थी 'हत्यारी' मां सूचना सेठ

  • Edited by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Jan 12, 2024, 05:48 PM IST

Suchna Seth News: पुलिस से सतर्क किए जाने के कारण टैक्सी चालक ने कुछ वक्त और गुजारने के लिए टैक्सी को सड़क किनारे के एक रेस्तरां में रोक दिया। वहां उसे पता चला कि 500 मीटर दूर ही पुलिस थाना है।

Image

सूचना सेठ

Suchna Seth News: सूचना सेठ, आज की तारीख में यह नाम सनसनी बना हुआ है। बेटे की हत्या करके, उसे ठिकाने लगाने के दौरान सूचना सेठ ने जो किया है, वो हैरान कर देने वाला है। एक AI कंपनी की सीईओ सूचना सेठ को जो टैक्सी ड्राइवर गोवा से कर्नाटक ले जा रहा था, उसने कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं।

ड्राइवर का खुलासा

मीडिया से बातचीत में वाहन चालक रे जॉन ने कहा कि गोवा से कर्नाटक की यात्रा दस घंटे से अधिक की थी, लेकिन पूरी यात्रा के दौरान सूचना सेठ शांत थी और एक शब्द भी नहीं बोली। जॉन ने बताया कि सर्विस अपार्टमेंट के कर्मियों ने सेठ के लिए उसकी टैक्सी बुक की थी। उन्होंने कहा- "जब मैं सर्विस अपार्टमेंट पहुंचा, उसने (सेठ) मुझसे रिसेप्शन से बैग उठाकर टैक्सी में रखने को कहा। वह भारी था। मैंने उससे (सेठ से) पूछा कि क्या हम बैग से कुछ सामान बाहर निकाल कर उसे हल्का कर सकते हैं। उसने मना कर दिया। हमे बैग को खींचकर लाना पड़ा।"

'सिर्फ एक बार सूचना सेठ ने की बात'

वाहन चालक ने बताया कि जब वे उत्तर गोवा के बिचोलिम शहर पहुंचे तब सेठ ने केवल एक बार बात की और पानी की एक बोतल लाने को कहा। जॉन ने कहा कि सोमवार को जब वे बेंगलुरु की ओर जा रहे थे तब कर्नाटक-गोवा सीमा पर कोरला घाट में भीषण यातायात जाम था। पुलिस ने उसे बताया कि यातायात बहाल होने में कम से कम चार घंटे का वक्त लगेगा। चालक ने कहा- "मैंने यह समय थोड़ा बढ़ाते हुए मैडम (सेठ) से कहा कि सड़क मार्ग खुलने में कम से कम छह घंटे लगेंगे। मैंने उसे सुझाव दिया कि हम वापस मुड़कर हवाई अड्डे की ओर चल सकते हैं, लेकिन वह सड़क मार्ग से ही आगे बढ़ने पर अड़ी रही।"

पुलिस का आया फोन

जॉन ने कहा कि उसे लगा कि कुछ तो है, जो ठीक नहीं है। उसने कहा कि बाद में उसे पुलिस से फोन आया और उसने कहा कि उसकी गाड़ी में यात्रा कर रही महिला के बारे में कुछ संदेह है। उसने कहा- "कलंगुटे पुलिस ने मुझे बताया कि वह पास में कोई पुलिस थाना देखे और उसे वहां ले जाए। मैंने गूगल मैप और जीपीएस में थाना ढूंढा, लेकिन कोई पुलिस थाना नहीं मिला। मैंने देखा कि टोल प्लाजा पर कोई पुलिसकर्मी मिल जाए, पर वहां भी कोई नहीं मिला।"

संपर्क में थी पुलिस

पुलिस से सतर्क किए जाने के कारण टैक्सी चालक ने कुछ वक्त और गुजारने के लिए टैक्सी को सड़क किनारे के एक रेस्तरां में रोक दिया। वहां उसे पता चला कि 500 मीटर दूर ही पुलिस थाना है। उसने कहा- "हमें बेंगलुरु पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे और लगने थे। मैं गाड़ी आइयामंगल पुलिस थाने ले गया (कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में) और उस दौरान कलंगुटे पुलिस अधिकारी मेरे साथ फोन लाइन पर मौजूद थे। करीब 15 मिनट के बाद संबंधित पुलिस अधिकारी हमारे पास आया, लेकिन मैडम शांत थी और कार में बैठी थी।"

सूचना सेठ क्या बोली

उसने कहा कि पुलिस ने बैग की तलाशी ली और उसमें से बच्चे का शव बरामद किया। जॉन ने बताया- "जब पुलिस ने उससे पूछा कि क्या वह उसका बेटा है, तो महिला ने संयत तरीके से कहा हां।"

हिरासत में सूचना सेठ

टैक्सी चालक की मदद से पुलिस सूचना सेठ को पकड़ सकी। सेठ को सोमवार रात कर्नाटक के चित्रदुर्ग से गिरफ्तार किया गया था और मंगलवार को गोवा लाया गया। सेठ अभी छह दिन की पुलिस हिरासत में है।आरोपी पश्चिम बंगाल से है और उसने पुलिस को बताया कि वह और उसके पति अलग रहते हैं तथा उनके तलाक की कार्यवाही जारी है। इस बीच पुलिस ने कहा कि आरोपी सूचना सेठ के बैग से टिश्यू पेपर पर आइलाइनर से लिखा एक तुड़ा-मुड़ा नोट बरामद हुआ है, जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि वह अपने चार साल के बच्चे की अभिरक्षा को लेकर परेशान थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि जिस बैग से बच्चे का शव बरामद किया गया है उसी बैग से मुड़ी-तुड़ी हालत में यह नोट मिला है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article