Saif attack case: अभिनेता सैफ अली खान पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिक शरीफुल इस्लाम शहजाद ने मुंबई के बांद्रा इलाके में इमारत में दीवार फांदकर प्रवेश किया था। उसने देखा कि देर रात सुरक्षा गार्ड सो रहे थे और इसी का फायदा उठाकर दीवार फांदकर अंदर गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मुंबई पुलिस ने मंगलवार को आरोपी के साथ सतगुरु शरण बिल्डिंग में क्राइम सीन रीक्रिएट किया, जहां सैफ रहते हैं।
दोनों सुरक्षा गार्ड सो रहे थे
सैफ खान पर 15 जनवरी देर रात को उनके 12 मंजिला अपार्टमेंट के अंदर घुसपैठिए शरीफुल इस्लाम शहजाद मोहम्मद रोहिल्ला अमीन फकीर उर्फ विजय दास (30) ने कई बार चाकू से हमला किया था। हमले में सैफ को गंभीर चोटें आईं और लीलावती अस्पताल में उनकी आपातकालीन सर्जरी की गई। हमले के तीन दिन बाद पुलिस ने आरोपी को ठाणे शहर से गिरफ्तार किया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभिनेता सैफ अली खान जिस इमारत में रहते हैं, वहां दोनों सुरक्षा गार्ड सो रहे थे, तभी हमलावर दीवार फांदकर इमारत में घुस गया।
उन्होंने बताया, जब आरोपी ने दोनों सुरक्षा गार्ड को गहरी नींद में पाया, तो वह मुख्य प्रवेश द्वार से इमारत में घुस गया, जहां कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। शोर ना हो इसलिए आरोपी ने अपने जूते उतारकर बैग में रख लिए और अपना फोन भी बंद कर लिया। अधिकारी ने कहा, जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इमारत के गलियारे में कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। जांच में पता चला कि दो सुरक्षा गार्ड में से एक केबिन में और दूसरा गेट के पास सो रहा था।
सात महीने पहले अवैध रूप से देश में घुसा था
अभिनेता सैफ अली खान पर 16 जनवरी को चाकू से हमला करने के आरोप में गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिक सात महीने पहले अवैध रूप से देश में घुसा था और उसने मुंबई जाने से पहले सिम खरीदने के लिए पश्चिम बंगाल निवासी एक व्यक्ति के आधार कार्ड का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अभिनेता सैफ अली खान के बांद्रा स्थित आवास पर उन पर चाकू से हमला करने के आरोप में पुलिस ने रविवार को पड़ोसी ठाणे शहर से आरोपी शरीफुल इस्लाम शहजाद मोहम्मद रोहिल्ला अमीन फकीर (30) को गिरफ्तार किया।
नाम बदलकर विजय दास रख लिया
पुलिस के अनुसार, फकीर ने अपना नाम बदलकर विजय दास रख लिया था, और सात महीने पहले दावकी नदी पार करके अवैध रूप से भारत में घुसा था। एक अधिकारी ने कहा कि आरोपी पश्चिम बंगाल में कुछ सप्ताह तक रहा और नौकरी की तलाश में मुंबई आने से पहले सिम कार्ड खरीदने के लिए उसने एक स्थानीय व्यक्ति के आधार कार्ड का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी द्वारा इस्तेमाल किया गया सिम कार्ड पश्चिम बंगाल निवासी खुकुमोनी जहांगीर सेखा के नाम पर पंजीकृत था।
