क्राइम

बिहार में रिश्वतखोर राजस्व कर्मचारी रंगेहाथ गिरफ्तार, इतने रुपये में कर रहा था सौदा

बिहार के जमुई में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक रिश्वतखोर राजस्व कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। राजस्व कर्मचारी आशीष कुमार द्वारा 70 हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही है।

Image

(सांकेतिक फोटो)

जमुई: बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय की एक टीम ने गुरुवार को जमुई जिले के खैरा अंचल में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी आशीष कुमार को 60,000 रुपए बतौर रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि खैरा थाना क्षेत्र के सिंगारपुर निवासी सुरेंद्र सिंह ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को 16 जनवरी को शिकायत दर्ज कराई थी कि एक जमीन का परिमार्जन करने के लिए राजस्व कर्मचारी आशीष कुमार द्वारा 70 हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही है।

60 हजार रुपए बतौर रिश्वत ले रहा था

इस सूचना की जांच में मामले की सत्यता सामने आने के बाद ब्यूरो ने प्रथम दृष्टया उपरोक्त मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधानकर्ता और पुलिस उपाधीक्षक राजन प्रसाद सिंह के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया। इसके बाद तय समय के मुताबिक, गुरुवार को शिकायतकर्ता खैरा के पंचायत भवन में जैसे ही राजस्व कर्मचारी आशीष कुमार को 60 हजार रुपए बतौर रिश्वत दे रहा था, तभी पहले से तैयार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने राजस्व कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि आरोपी से ब्यूरो की टीम पूछताछ कर रही है। इसके बाद आरोपी को भागलपुर निगरानी की अदालत में पेश किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि निगरानी अन्वेषण ब्यूरो का वर्ष 2025 में भ्रष्टाचार के विरुद्ध यह सातवीं प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई है तथा इस वर्ष का यह पांचवां ट्रैप है, जिसमें कांड दर्ज कर रंगे हाथ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले 11 फरवरी को ब्यूरो की टीम ने मुजफ्फरपुर के सरैया थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक रौशन कुमार सिंह को 75 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। उससे पहले छह फरवरी को पटना के रूपसपुर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक रणजीत कुमार को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article