Rajasthan Crime News: राजस्थान के नागौर जिले में एक बेरहम पति ने इंसानियत को तार-तार कर दिया। यहां आरोपी पति ने अपनी पत्नी को कथित तौर पर मोटरसाइकिल में बांधकर गांव भर में घसीटा। इसका वीडियो सोशल मीडया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस एक्शन में आ गई। अधिकारियों ने बताया, आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पांचौड़ी थाने के सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना करीब एक महीने पहले नाहरसिंहपुरा गांव में हुई थी। आरोपी युवक प्रेमाराम मेघवाल (32) ने अपनी पत्नी को रस्सी से बांधकर मोटरसाइकिल के पीछे बांध दिया और गांव में घसीटा। किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो कल ऑनलाइन सामने आया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
रिश्तेदारों के साथ रह रही पीड़ित
पुलिस ने बताया कि पीड़िता फिलहाल अपने रिश्तेदारों के साथ रह रही है और उसने पुलिस को मामले की सूचना नहीं दी। आरोपी को सोमवार को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि पड़ोसियों से मिली जानकारी के अनुसार प्रेमाराम अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। वह शराब का आदी है और अपनी पत्नी को गांव में किसी से बात नहीं करने देता था। मामले की जांच की जा रही है।
