क्राइम

राजा रघुवंशी मर्डर केस: अदालत ने सोनम और राज की रिमांड 2 दिन बढ़ाई, तीन आरोपी भेजे गए जेल

राजा रघुवंशी हत्याकांड की कड़ियां जोड़ने के लिए इंदौर आई मेघालय पुलिस ने गुरुवार को दो मुख्य आरोपियों-सोनम और उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह के परिचितों के साथ ही एक टैक्सी चालक से पूछताछ की।

sonam

सोनम रघुवंशी सहित पांचों आरोपियों की पेशी

Raja Raghuvanshi Murder Case: राजा रघुवंशी हत्या मामले में आज मेघालय पुलिस सोनम रघुवंशी सहित पांचों आरोपियों को शिलांग की अदालत लेकर पहुंची। अदालत ने सोनम रघुवंशी और राज कुशवाह की पुलिस हिरासत दो दिन बढ़ाई, जबकि तीन आरोपियों विशाल, आकाश और आनंद को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

वहीं, राजा रघुवंशी हत्याकांड की कड़ियां जोड़ने के लिए इंदौर आई मेघालय पुलिस ने गुरुवार को दो मुख्य आरोपियों-सोनम और उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह के परिचितों के साथ ही एक टैक्सी चालक से पूछताछ की। चश्मदीदों ने बताया कि सोनम के भाई गोविंद गुरुवार को स्थानीय पुलिस की अपराध निरोधक शाखा के उस दफ्तर के बाहर नजर आए जहां लोगों से पूछताछ की गई। इससे पहले इंदौर में बुधवार को मेघालय पुलिस की जांच के दौरान गोविंद कई स्थानों पर दिखाई दिए थे।

सोनम के भाई को पूछताछ के लिए बुलाया

गोविंद ने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें इस दफ्तर में बुलाया गया था, लेकिन उनसे कोई पूछताछ नहीं की गई। उन्होंने बताया कि इस दफ्तर में उनके पारिवारिक कारोबार के कुछ कर्मचारियों और कुशवाह से जुड़े लोगों से पूछताछ की गई। सोनम का परिवार फर्नीचर में इस्तेमाल होने वाली सनमाइका शीट का कारोबार करता है। वह अपने पति राजा रघुवंशी के हत्याकांड में गिरफ्तारी से पहले तक मायके के कारोबारी प्रतिष्ठान का काम-काज संभाल रही थी। स्थानीय पुलिस के मुताबिक, राजा रघुवंशी हत्याकांड की साजिश रचने का आरोपी राज कुशवाह हालांकि 12वीं फेल है, लेकिन वह इस कारोबारी प्रतिष्ठान में बतौर लेखापाल काम करता था जहां सोनम से उसकी कथित नजदीकियां बढ़ीं।

स्थानीय पुलिस की अपराध निरोधक शाखा के दफ्तर में एक टैक्सी चालक से भी पूछताछ की गई जिस पर सोनम को हत्याकांड के बाद इंदौर से उत्तर प्रदेश ले जाने का संदेह है। इस व्यक्ति ने अपना नाम बताने से इनकार करते हुए संवाददाताओं से कहा, मुझे गाड़ी (टैक्सी) के मामले में बुलाया गया था। मुझे जो बताना था, मैंने पुलिस को बता दिया है। मेघालय में हनीमून मनाने गए राजा रघुवंशी की 23 मई को साजिशन की गई हत्या में शामिल होने के आरोप में उनकी पत्नी सोनम, उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह और कुशवाह के तीन दोस्तों-विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी को गिरफ्तार किया गया है।

राजा रघुवंशी, मेघालय में हनीमून के दौरान 23 मई को लापता हो गए थे और उनका क्षत-विक्षत शव पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र (जिसे चेरापूंजी भी कहा जाता है) में एक झरने के पास गहरी खाई में दो जून को मिला था। सोनम ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में पुलिस के सामने आठ जून को देर रात आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि कुशवाह समेत चार आरोपियों को मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से गिरफ्तार किया गया था। राजा रघुवंशी का परिवार ट्रांसपोर्ट के कारोबार से जुड़ा है। उनकी सोनम से शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी और वे 20 मई को हनीमून के वास्ते मेघालय के लिए रवाना हुए थे। मेघालय पुलिस का विशेष जांच दल (एसआईटी) राजा रघुवंशी की हत्या के मामले की विस्तार से तहकीकात कर रहा है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। क्राइम (Crime News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

लेटेस्ट न्यूज

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडल Author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article