क्राइम

बहराइच हिंसा के मुख्य आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाएगी योगी सरकार! PWD ने दे दिया नोटिस

बहराइच हिंसा में गिरफ्त में आए सभी आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे। बहराइच पुलिस ने जिन पांच लोगों को गिरफ्तार किया, उनके नाम मोहम्मद फहीन (नामजद), मोहम्मद तालीम उर्फ सबलू, मोहम्मद सरफराज (नामजद), अब्दुल हमीद (नामजद) और मोहम्मद अफजल हैं

Image

बहराइच हिंसा के मुख्य आरोपी के घर पर चलेगा बुलडोजर

Photo : PTI
KEY HIGHLIGHTS
  • बहराइच हिंसा में पांच आरोपी गिरफ्तार
  • मुख्य आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की तैयारी
  • PWD विभाग ने आरोपी के घर दिया नोटिस

बहराइच हिंसा के मुख्य आरोपी के घर पर योगी सरकार बुलडोजर चलाने की तैयारी कर रही है। उत्तर प्रदेश सरकार के अधीन आने वाले पीडब्लूडी ने इसके लिए बकायदा नोटिस भी दे दिया है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने बहराइच हिंसा मामले के मुख्य आरोपी अब्दुल हमीद को अवैध निर्माण को लेकर नोटिस जारी किया है।

अवैध निर्माण का दावा

अब्दुल हमीद की संपत्ति पर चिपकाया गया नोटिस सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण के लिए है। कथित तौर पर ग्रामीण सड़क पर अतिक्रमण करके बनाए गए इस घर को तीन दिनों के भीतर ध्वस्त करने का आदेश दिया गया है। पीडब्ल्यूडी ने सार्वजनिक भूमि नियमों का उल्लंघन करते हुए सड़क के केंद्र से 60 फीट की दूरी पर बने इस ढांचे को हटाने का निर्देश दिया है।

दो आरोपियों का एनकाउंटर

बहराइच हिंसा के पांचों आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इन सभी आरोपियों को सीजेएम प्रतिभा चौधरी के आवास पर पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इन सभी को गुरुवार को नानपारा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। 13 अक्टूबर को हुई हिंसा में पांचों आरोपियों को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया था। इस एनकाउंटर में दो आरोपी घायल भी हुए थे। बहराइच एसपी वृंदा शुक्ला ने बताया कि गिरफ्त में आए सभी आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे। बहराइच पुलिस ने जिन पांच लोगों को गिरफ्तार किया, उनके नाम मोहम्मद फहीन (नामजद), मोहम्मद तालीम उर्फ सबलू, मोहम्मद सरफराज (नामजद), अब्दुल हमीद (नामजद) और मोहम्मद अफजल हैं।

दुर्गा पूजा विसर्जन के दौरान हिंसा

यूपी के बहराइच की महसी तहसील के महाराजगंज कस्बे में रविवार शाम को गाने को लेकर हुए विवाद के बाद दूसरे समुदाय के युवकों ने पथराव शुरू कर दिया था। इसी दौरान दूसरे समुदाय के लोगों ने एक शख्स की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे जिले में हिंसा भड़क उठी। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए हालात सामान्य बना दिए हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article