Murder in Navi Mumbai: महाराष्ट्र के नवी मुंबई में फिर एक प्रेमी कातिल बन गया। जब उसे अपनी प्रेमिका पर ये शक हुआ कि उसका प्रेम प्रसंग किसी अन्य शख्स के साथ चल रहा है। उसने अपनी प्रेमिका जो निजी बैंक की प्रबंधक थी, उसकी हत्या कर दी। शोएब ने एमी कौर की हत्या क्यों और कैसे की नीचे पढ़िए।
प्रेमी को हुआ शक तो प्रेमिका को मार डाला
नवी मुंबई में एक निजी बैंक की महिला प्रबंधक की उसके प्रेमी ने कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी को संदेह था कि महिला का किसी अन्य पुरुष के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है।
आरोपी शोएब शेख को पुलिस ने दबोचा
पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक खुफिया सूचना के आधार पर मुंबई पुलिस ने आरोपी शोएब शेख (24) को तड़के उपनगरीय साकी नाका स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया, इससे पहले कि वह उत्तर प्रदेश में अपने गृहनगर के लिए भाग जाता।
प्रेमिका के साथ होटल में रुका था शोएब
उन्होंने बताया कि पूछताछ करने पर आरोपी शोएब ने खुलासा किया कि वह सोमवार को अपनी प्रेमिका एमी उर्फ अमित रवींद्र कौर (35) के साथ नवी मुंबई के एक होटल में रुका था। शोएब को संदेह था कि रवींद्र कौर का किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध है और उसने गुस्से में उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह अपराध तब सामने आया जब मुंबई पुलिस को सूचना मिली कि शोएब कुछ अवैध गतिविधियों में शामिल है। जिसके बाद पुलिस की टीम साकी नाका स्थित उसके घर पहुंची।
पुलिस को हत्या के बारे में शोएब ने क्या बताया?
पूछताछ के दौरान शोएब ने पुलिस को हत्या के बारे में बताया। इसके बाद मुंबई पुलिस ने नवी मुंबई के तुर्भे इलाके में अपने समकक्षों को इस बारे में सूचित किया। पुलिस अधिकारी ने कहा, 'तुर्भे में पुलिस की एक टीम होटल पहुंची जहां उन्हें एक कमरे के अंदर महिला का शव मिला। '
मुंबई के सायन कोलीवाड़ा की रहने वाली थी एमी
उन्होंने कहा कि महिला आईडीएफसी बैंक की नवी मुंबई शाखा में प्रबंधक के रूप में कार्यरत थी। वह मुंबई के सायन कोलीवाड़ा इलाके की रहने वाली थी। अधिकारी ने बताया कि शव की बरामदगी के बाद शोएब को 302 (हत्या की सजा) सहित भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
(भाषा)
