क्राइम

Prayagraj : बर्थडे से ठीक 5 मिनट पहले पांचवी मंजिल से कूद कर बीटेक छात्र ने दी जान, फेल होने की वजह से था डिप्रेशन का शिकार

  • Agency by: Agency
  • Updated Mar 30, 2025, 06:32 PM IST

Prayagraj: प्रयागराज में एक बीटेक छात्र ने शनिवार देर रात हॉस्टल की पांचवी मंजिल से छलांग लगा दी। मृतक छात्र राहुल मंडला तेलंगाना का रहने वाला था। वह बीटेक इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी फर्स्ट ईयर का छात्र था।

Image

पांचवी मंजिल से कूद कर बीटेक छात्र ने दी जान

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Prayagraj Student Suicide: प्रयागराज में स्थित देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थान ट्रिपल आईटी के एक बीटेक छात्र ने शनिवार देर रात हॉस्टल की पांचवी मंजिल से छलांग लगा दी। बीटेक छात्र राहुल मंडला ने अपनी मां को मैसेज भेजने के बाद रात 11:55 पर हॉस्टल की पांचवी मंजिल से छलांग लगा दी। जानकारी के अनुसार, छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रिपल आईटी प्रशासन और छात्रों ने छात्र के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची एयरपोर्ट थाना पुलिस ने घायल छात्र राहुल मंडला को एसआरएन अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। छात्र की मौत के बाद छात्रों का आक्रोश भड़क उठा। छात्रों ने ट्रिपल आईटी कैंपस में काफी देर तक बवाल काटा और प्रशासन पर गंभीर आरोप भी लगाए।

तेलंगाना का रहने वाला था मृतक छात्र

मृतक छात्र राहुल मंडला तेलंगाना का रहने वाला था। वह बीटेक इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी फर्स्ट ईयर का छात्र था। पहले सेमेस्टर में 6 विषयों में बैक पेपर आने पर वह फेल हो गया था। पिछले दो-तीन दिनों से वह डिप्रेशन में भी था। मृतक छात्र राहुल मंडला मूक बधिर था। वह पढ़ने में तेज था इसी वजह से उसका सलेक्शन ट्रिपल आईटी में हुआ था। लेकिन छह विषयों में बैक आने को लेकर डिप्रेशन में चला गया था। मृतक छात्र राहुल मंडला के दोस्तों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से वह लोगों से भी कम मिलता जुलता था। ट्रिपल आईटी संस्थान के विभिन्न हास्टलों में रहने वाले छात्रों ने प्रबंधन पर उत्पीड़न और लापरवाही की गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि बीटेक छात्र राहुल मंडला की मौत के लिए कौन जिम्मेदार है और इसके पीछे सही वजह क्या रही है। पुलिस इसकी वजह तलाशने में जुटी हुई है।

मृतक छात्र की मां स्वर्णलता के मुताबिक ट्रिपल आईटी प्रशासन का कहना है कि मृतक छात्र 6 महीने से क्लास नहीं जा रहा था। लेकिन ट्रिपल आईटी प्रशासन ने इसकी कभी सूचना परिजनों को नहीं दी। उसकी अटेंडेंस शार्ट होने की बात कह कर उसका उत्पीड़न किया गया। राहुल के पिता एम किशन प्रसाद तेलंगाना में होटल और टिफिन का व्यवसाय करते हैं। उनके दो बच्चे हैं राहुल सबसे बड़ा बेटा था जबकि छोटा बेटा अभिराम है जो कि जबलपुर में रहता है। मृतक छात्र राहुल मंडला पढ़ने में होनहार था। उसकी दिव्यांग कैटेगरी में ऑल इंडिया 52 रैंक आई थी। शनिवार दिन रात उसने हॉस्टल की पांचवी मंजिल से छलांग लगा दी। जबकि आज उसका बर्थडे भी था। दोस्त उसके बर्थडे के जश्न की तैयारी कर रहे थे। लेकिन इस मनहूस खबर के बाद ट्रिपल आईटी के विभिन्न हास्टलों में सन्नाटा पसरा हुआ है।

पढ़ाई में बहुत होनहार था मृतक छात्र

मृतक छात्र राहुल की मां स्वर्णलता के मुताबिक बेटे का फोन न मिलने पर उन्होंने जब ट्रिपल आईटी में संपर्क किया तो उन्होंने बताया गया कि आपका बेटा छत से गिर गया है। उसे अस्पताल लेकर जा रहे हैं। उनके मुताबिक 13 अगस्त 2024 को उसका एडमिशन ट्रिपल आईटी प्रयागराज में हुआ था। फर्स्ट सेमेस्टर की परीक्षा देकर दिसंबर में वह घर चला गया था। 4 जनवरी 2025 को वापस ट्रिपल आईटी आ गया था। मां के मुताबिक आज उसके बेटे का जन्मदिन है। मृतक छात्र ने अपनी मां को मैसेज लिखा था। जिसमें उसने भाई को अच्छे ढंग से पढ़ाई कराने की बात कही थी। मृतक छात्र की मां के मुताबिक उन्हें इस बात की भी जानकारी नहीं थी कि उनके बेटे की अटेंडेंस शॉर्ट है। मां के मुताबिक वह ज्यादा बाहर घूमना फिरना पसंद नहीं करता था। घर में टीवी और मोबाइल देखता था। पढ़ाई में भी बहुत अच्छा था। मां के मुताबिक उसने स्पीच थेरेपी ले रखी थी जो वह बोलती थी उसे वह अच्छे ढंग से समझ लेता था। वह मोबाइल पर अक्सर चैट से बात करता था। बेटे की मौत से मां का रो-रो कर बुरा हाल है। मां का कहना है कि 7 महीने पहले बेटा इलाहाबाद आया था। उसने यहां पर आकर सुसाइड क्यों कर लिया यह उन्हें भी नहीं समझ में आ रहा है।

वहीं एसीपी धूमनगंज अजेंद्र यादव के मुताबिक पुलिस को जब यह सूचना मिली कि ट्रिपल आईटी में बीटेक फर्स्ट ईयर में पढ़ने वाले छात्र ने हॉस्टल की पांचवी मंजिल से छलांग दी है। एयरपोर्ट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ने घायल छात्र को एस आर एन अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। ‌लेकिन इलाज के दौरान छात्र की मौत हो गई। उनके मुताबिक छात्र की मौत के बाद अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है और मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!