Udaipur Rave Party: उदयपुर जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग होटल और रिसॉर्ट में रेव पार्टी पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इन दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 28 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिर्वा पुलिस अधीक्षक सूर्यवीर सिंह जानकारी देते हुए बताया कि गोगुंदा थाना क्षेत्र में द पिनाकल प्रियांक पीपी और द स्काई साइन होलीडे होम होटल में शनिवार देर रात को 10 लड़कियों को लाने की खबर मुखबिर के जरिए मिली थी। इस सूचना पर जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दो अलग-अलग टीमों का गठन किया गया और छापेमारी कार्रवाई शुरू की गई।
उदयपुर में रेव पार्टी पर छापा
सूर्यवीर के मुताबिक, एक टीम उनके नेतृत्व में टीम द पिनाकल प्रियांक पीपी होटल पर पहुंची और दूसरी टीम कैलाश खटीक के नेतृत्व द स्काई साइन होलीडे होम पहुंची। द पिनाकल प्रियांक पीपी होटल पर छापेमारी के दौरान पांच महिलाएं और आठ पुरुष मिले। छापेमारी में मौके से अवैध शराब के साथ-साथ गांजा और आपत्तिजनक चीजें मिलीं। दूसरी कार्रवाई के दौरान दूसरे होटल से पांच महिलाओं और 10 पुरुषों को गिरफ्तार किया गया। दोनों जगहों से कुल 10 महिलाओं के साथ 18 पुरुषों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब आगे की जांच में जुटी हुई है।
