क्राइम

पुलिस अफसर का बेटा हुआ साइबर क्राइम का शिकार, पार्सल के नाम पर डराकर 1 लाख रुपए ठगे

फोन करनेवाले व्यक्ति ने पीड़ित से कहा कि उसने मलेशिया के लिए एक पार्सल भेजा है, जिसमें कई एटीएम कार्ड और लैपटॉप तथा अन्य संदिग्ध चीज मिली हैं। इसे लेकर धमकाने के बाद शख्स ने 1 लाख रुपये से अधिक लूट लिए।

Image

साइबर क्राइम से ठगी

Photo : ANI

Noida Cyber Crime News: गौतमबुद्ध नगर में तैनात सहायक पुलिस आयुक्त के बेटे को साइबर अपराधियों ने अपने जाल में फंसाकर उससे कथित तौर पर एक लाख से अधिक रुपए ठग लिए। पुलिस ने यह जानकारी दी। सूरजपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सहायक पुलिस आयुक्त रमेश चंद्र पांडे के बेटे शुभम पांडे ने बीती रात थाने में ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि शुभम पांडे ने अपनी शिकायत में कहा कि 16 जून को उसके पास एक फोन आया और फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि वह मुंबई हवाई अड्डे के सीमा शुल्क विभाग से बोल रहा है।

शिकायत के अनुसार फोन करनेवाले व्यक्ति ने पांडे से कहा कि उसने मलेशिया के लिए एक पार्सल भेजा है, जिसमें कई एटीएम कार्ड और लैपटॉप और अन्य संदिग्ध चीज मिली हैं इसलिए पार्सल को रोक लिया गया है और उसके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि शिकायत में पांडे ने कहा कि आरोपी ने पांडे को डरा धमका कर 17 जून को अपने खाते में 79,822 रुपए और 20 जून को अपने खाते में 27,150 रुपए डलवा लिए। उन्होंने बताया कि पीड़ित ने शिकायत में कहा कि उसने कोई पार्सल नहीं भेजा लेकिन डर से उसने आरोपी को पैसे दिए हैं। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article