पंजाब के जालंधर से एक बहुत ही सनसनीखेज खबर सामने आई है। जहां एक माता-पिता ने ही अपनी तीन बेटियों को मारकर उसे संदूक में बंद कर दिया। इतना ही नहीं जब मकान मालिक ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया तो इनलोगों ने पुलिस को भी उलझाने की कोशिश, इसके बाद जब पकड़े गए तो बोले कि उनसे बहुत बड़ी गलती हो गई।
जलांधर में पिता ने ही तीन बेटियों को मार डाला
मकसूदन पुलिस स्टेशन का मामला
यह मामला मकसूदन पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले कानपुर गांव में हुआ है। घर के मालिक ने पुलिस को बताया कि हत्या का संदिग्ध आरोपी शराब पीने का आदी था। मकान मालिक ने घर खाली करने के लिए भी उसे कहा था। एक अधिकारी ने बताया कि मकसूदन थाने में रविवार रात को तीन लड़कियों के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। लड़कियों के माता पिता ने काम से लौटकर जब उनकी तलाश की तो उन्हें वे घर में नहीं मिली थीं। पुलिस ने बताया कि प्रवासी मजदूर के परिवार में पांच बच्चे थे। उन्होंने बताया कि बहनों की पहचान कंचन (चार), शक्ति (सात) और अमृता (नौ) के रूप में हुई।
जांच के दौरान हुआ खुलासा
पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर जब उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तब इस हत्याकांड की सच्चाई सामने आई। पिता सुनील मंडल से पुलिस ने जब सख्ती से पूछा तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली। पिता ने कहा कि उसकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी, इसलिए उसने पत्नी के साथ मिलकर बेटियों की हत्या कर दी।
मां ने दिया जहर
पिता ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी ने ही सुबह में तीनों बेटियों को दूध से भरा जहर दिया था। जिसके बाद जब उनकी हालत खराब हुई तो उन्होंने उसे संदूक में बंद कर दिया। आरोपियों ने पकड़ाने के बाद कहा कि उनसे बड़ी गलती हो गई है। पुलिस ने मां और बाप दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
