क्राइम

ओडिशाः DIG की प्रताड़ना से तंग आ महिला होमगार्ड ने करना चाहा सुसाइड, गंवाए दोनों पैर, BJP बोली- एक्शन ले NHRC

Odisha Latest News: पीड़िता ने आईपीएस अधिकारी की पत्नी पर मौखिक रूप से दुर्व्यवहार करने और काम सही तरीके से नहीं करने को लेकर पीटने का आरोप लगाया है। वहीं, राय ने आरोपों को खारिज कर दिया और दावा किया कि महिला होमगार्ड पारिवारिक कारणों से परेशान थी। पीड़िता की पहचान अंगुल जिले की सौरिद्री साहू के रूप में हुई है।

Image

तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (फाइल)

Photo : iStock

Odisha Latest News: ओडिशा में महिला उत्पीड़न का एक मामला सामने आया है। आरोप है कि डीआईजी रैंक के अफसर की प्रताड़ना से तंग आकर महिला होमगार्ड ने सुसाइड की कोशिश की। घटना के दौरान उसने दोनों पैर गंवा दिए। गुरुवार (24 अगस्त, 2023) को इस मसले पर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष डॉ. लेखाश्री समंतसिंघार के नेतृत्व में बीजेपी प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के चेयरमैन अरुण कुमार मिश्रा को दिल्ली में ज्ञापन सौंपा। साथ ही इस मामले में कार्यवाई की मांग की। हालांकि, एनएचआरसी ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है। एनएचआरसी का दस्ता आगे सूबे का दौरा करेगा।

वैसे, इस केस की शिकायत राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) में भी की गई है। इस बीच, ओडिशा राज्य महिला आयोग ने पुलिस की अपराध शाखा से एक रिपोर्ट मांगी। सूबे की महिला आयोग ने अपराध शाखा एडीजी (अतिरिक्त महानिदेशक) को बुधवार से 15 दिनों के भीतर एक रिपोर्ट दाखिल करने को कहा है। आयोग की अध्यक्ष मिनती बेहरा ने कहा, ''हमने मामले पर स्वत: संज्ञान लिया है और दो सप्ताह के भीतर रिपोर्ट चाहते हैं।''

Odisha News

Odisha News

बेहरा के मुताबिक, पीड़िता के ठीक होने के बाद आयोग उससे बातचीत करेगा और कानून के मुताबिक जरूरी कदम उठाए जाएंगे। इससे पहले, ओडिशा मानवाधिकार आयोग ने महिला होमगार्ड को कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने पर पुलिस से रिपोर्ट मांगी थी, जिसके एक दिन बाद महिला आयोग ने यह कदम उठाया है।

दरअसल, डीआईजी रैंक के एक पुलिस अधिकारी की पत्नी की ओर से प्रताड़ित किए जाने के बाद चलती ट्रेन से कूदकर कथित रूप से आत्महत्या करने के प्रयास में महिला होमगार्ड को अपने दोनों पैर गंवाने पड़े थे। महिला होमगार्ड पुलिस अधिकारी के आवास पर काम करती थी। फिलहाल महिला का कटक के निजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है, जबकि ओडिशा पुलिस ने राज्यभर में उत्पन्न आक्रोश के बाद उत्तर मध्य रेंज के उप महानिरीक्षक ब्रिजेश राय का तबादला राज्य के पुलिस मुख्यालय में कर दिया है।

अमित कुमार
अमित कुमारauthor

20 साल का टीवी पत्रकारिता का अनुभव। झूठ , फरेब और तमाशे पर नहीं सिर्फ खबर पर नज़र। राजनीतिक खबरों पर पहली पकड़। देश की राजनीति समझनी है तो आइए मेरे साथ

और पढ़ें
End of Article