क्राइम

भारतीय क्रिकेट टीम की जीत के बाद महू में हिंसा को लेकर प्रशासन सख्त, दो आरोपियों पर लगा रासुका

पुलिस अधीक्षक इंदौर (ग्रामीण) की रिपोर्ट के आधार पर सिंह ने महू के बत्तख मोहल्ला निवासी सोहेल कुरैशी और शहर के कंचन विहार खान कॉलोनी निवासी एजाज खान के खिलाफ रासुका, 1980 के प्रावधानों के तहत आदेश जारी किए हैं।

Image

महू हिंसा मामला

Photo : PTI

Mhow Violence: आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी फाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम की जीत के बाद महू कस्बे में जश्न मनाने के दौरान आयोजित रैली के दौरान हुई हिंसा मामले में मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के प्राधिकारियों ने मंगलवार को दो व्यक्तियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगाया। भारतीय टीम की जीत का रविवार रात महू में जश्न मना रही रैली पर पथराव के बाद झड़पें शुरू हो गईं। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि इंदौर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर एवं जिलाधिकारी आशीष सिंह ने आपराधिक गतिविधियों में लिप्त दो व्यक्तियों के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

सोहेल कुरैशी और एजाज खान पर रासुका

पुलिस अधीक्षक इंदौर (ग्रामीण) की रिपोर्ट के आधार पर सिंह ने महू के बत्तख मोहल्ला निवासी सोहेल कुरैशी और शहर के कंचन विहार खान कॉलोनी निवासी एजाज खान के खिलाफ रासुका, 1980 के प्रावधानों के तहत आदेश जारी किए हैं। विज्ञप्ति में कहा गया है कि चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में भारत की जीत के बाद, जीत का जश्न मनाने के लिए मोटरसाइकिलों पर तिरंगा लेकर महू में लोगों द्वारा विजय जुलूस निकाला जा रहा था। विज्ञप्ति में कहा गया है कि जुलूस में बच्चे और युवा सभी शामिल थे, तभी आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर मोती महल चौराहे पर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश रची और जुलूस को रोकने के लिए पथराव किया और ईंटें फेंकी। विज्ञप्ति में कहा गया है कि इससे लोगों को चोटें आईं और सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ा।

7 एफआईआर दर्ज, 13 गिरफ्तार

जिला प्रशासन ने बताया कि दोनों आरोपी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त थे और उनके खिलाफ गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने, मारपीट, तोड़फोड़, सांप्रदायिक उन्माद पैदा करने, दंगा-फसाद करने और सार्वजनिक व्यवस्था में बाधा डालने जैसे विभिन्न आरोपों के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कृत्यों से क्षेत्र में सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है और जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उनके खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस उप महानिरीक्षक निमिष अग्रवाल ने संवाददाताओं को बताया कि पुलिस ने पहले दोनों समूहों की शिकायतों पर सात प्राथमिकी दर्ज की हैं और 13 लोगों को गिरफ्तार किया है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!