मेरठ के जिस टोल प्लाजा पर आर्मी के जवान के साथ टोल कर्मियों ने मारपीट की थी, उसके खिलाफ नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने बड़ी कार्रवाई की है। NHAI ने टोल एजेंसी पर 20 लाख का जुर्माना लगाया है, साथ ही टोल एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने की भी तैयारी शुरू हो गई है।
भूनी टोल प्लाजा होगी ब्लैकलिस्ट
NHAI ने इस कार्रवाई की जानकारी एक्स पर एक पोस्ट के जरिए दी है। NHAI ने लिखा- "एनएचएआई ने 17 अगस्त 2025 को एनएच-709ए के मेरठ-करनाल खंड पर भूनी टोल प्लाजा पर तैनात टोल कर्मचारियों द्वारा सेना के जवानों के साथ दुर्व्यवहार की घटना पर सख्त कार्रवाई की है।एनएचएआई ने टोल संग्रह एजेंसी मेसर्स धरम सिंह पर 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है और टोल संग्रह फर्म को टोल प्लाजा बोलियों में भविष्य में भागीदारी से प्रतिबंधित करने और समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एनएचएआई टोल प्लाजा कर्मचारियों द्वारा इस तरह के व्यवहार की कड़ी निंदा करता है और राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षित और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
ड्यूटी ज्वाइन करने जा रहा था जवान
मेरठ जिले में ड्यूटी पर जा रहे सेना के एक जवान से टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने मारपीट कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह घटना रविवार को सरूरपुर इलाके के भूनी टोल प्लाजा पर उस वक्त हुई, जब गोटका गांव के निवासी कपिल छुट्टी के बाद ड्यूटी पर लौट रहे थे। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतार थी और जल्दी निकलने को लेकर कपिल की टोलकर्मियों से कहासुनी हो गयी। उन्होंने बताया कि विवाद बढ़ने पर टोलकर्मियों ने कपिल से मारपीट शुरू कर दी। मामले में परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।
