क्राइम

4 घंटे में सुलझी मर्डर मिस्ट्री, हत्यारे ने आपसी झगड़े में युवक की कर दी हत्या; पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Delhi Crime: दिल्ली के तिलक मार्ग इलाके में मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक युवक खून से लथपथ पड़ा था, जिसके गले और कंधों पर चाकू के गहरे घाव थे। पीसीआर वैन को बुलाकर घायल को राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Image

राजधानी दिल्ली के तिलक मार्ग इलाके में मंगलवार दोपहर हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड को महज चार घंटे में सुलझाते हुए पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा।

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi Crime: राजधानी दिल्ली के तिलक मार्ग इलाके में मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे एएसआई सुभाष तिलक मार्ग थाना क्षेत्र में गश्त पर थे। तभी मथुरा रोड पर पुराना किला रोड के पास सड़क के डिवाइडर पर भीड़ इकट्ठा देखी। वहां एक युवक खून से लथपथ पड़ा था, जिसके गले और कंधों पर चाकू के गहरे घाव थे। तुरंत पीसीआर वैन को बुलाकर घायल को राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 24 वर्षीय रोहित के रूप में हुई, जो हनुमान मंदिर इलाके में रहता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए तिलक मार्ग थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।

स्विगी में डिलीवरी बॉय का काम करता था आरोपी

डीसीपी नई दिल्ली जिला के निर्देश पर 6 पुलिस टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में सामने आया कि वारदात से ठीक पहले मृतक एक इलेक्ट्रिक बाइक पर आरोपी के साथ बैठा हुआ था। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से पुलिस को आरोपी की लोकेशन दक्षिण दिल्ली के चिराग दिल्ली में मिली। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी शेर उर्फ कबीर (28) को पकड़ लिया, जो फरार होकर गोवा भागने की फिराक में था। पुलिस ने उसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, खून से सने कपड़े और वारदात में इस्तेमाल इलेक्ट्रिक बाइक बरामद कर ली। आरोपी शेर उर्फ कबीर दिल्ली के भलस्वा इलाके में रहता है। उसका परिवार पहले निजामुद्दीन में रहता था, लेकिन बाद में झुग्गी क्लस्टर भलस्वा में शिफ्ट हो गया। वह स्विगी में डिलीवरी बॉय का काम करता है। मृतक रोहित से उसकी जान-पहचान करीब दो महीने पहले हुई थी।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि मंगलवार दोपहर रोहित ने उसे फोन कर मिलने बुलाया और अपने दोस्तों से हुए झगड़े को सुलझाने में मदद मांगी। दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर निजामुद्दीन की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में उनका आपसी झगड़ा हो गया। शेर इस विवाद में शामिल नहीं होना चाहता था, जिससे दोनों के बीच बहस बढ़ गई। गुस्से में आकर आरोपी ने चाकू से रोहित पर ताबड़तोड़ वार किए और मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात पूर्व नियोजित थी या अचानक हुए झगड़े का नतीजा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हत्या में और कोई शामिल था या नहीं। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article