क्राइम

पैसे की खातिर मां ने हमें बेचा, बेतिया में ऑर्केस्ट्रा गर्ल ने सुनाई आपबीती; संचालकों ने गंदी नीयत...

बिहार के बेतिया में एक मां ने रुपयों के खातिर अपनी बेटी का सौदा कर लिया है। मां के लालच का खामियाजा बेटी ने आर्केस्टा संचालकों के गंदी नीयत का शिकार होती रही है।

Image

(सांकेतिक फोटो)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

बेतिया: बिहार के बेतिया से मां की ममता को दागदार करने वाला एक वाकया सामने आया है। एक मां ने चंद पैसों के लिए अपनी नाबालिग बेटियों का सौदा कर डाला। एक बेटी को 10 हजार और दूसरी को पांच हजार रुपये में बेच दिया। ऑर्केस्ट्रा में काम कराने के लिए लड़कियों को बेतिया लाया गया। यहां उनके साथ गलत काम हुआ। एक नाबालिग गर्भवती है और दूसरी ने आरोप लगाया है कि उसके साथ लगातार मारपीट की गई। पुलिस की छापेमारी में इन दोनों के साथ कई अन्य लड़कियों को भी रेस्क्यू किया गया है। कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

15 हजार में बेच दिया

रेस्क्यू की गई नाबालिग लड़कियों में से एक ने बताया कि उनकी मां ने उसे और उसकी बहन को 15 हजार में बेच दिया। उसने कहा, "हमें कहा गया था कि ऑर्केस्ट्रा में डांस करना होगा। लेकिन, यहां लाकर लगातार हमारे साथ गलत काम हुआ। मेरी बहन के साथ तो मारपीट भी हुई।" नाबालिग के अनुसार, आर्केस्ट्रा की आड़ में उन लोगों से "गंदे काम कराए जाते थे"। मना करने पर मारपीट की जाती थी।

चम्पारण रेंज के डीआईजी हर किशोर राय के निर्देश पर बेतिया पुलिस ने 16 नाबालिग लड़कियों का सफल रेस्क्यू कराया है। इसमें 14 बंगाल की और दो नेपाल की रहने वाली हैं। उनसे ऑर्केस्ट्रा में जबरन काम कराया जा रहा था।डीआईजी ने बताया कि उन्हें इसकी गुप्त जानकारी मिली थी। उनके आदेश पर एसडीपीओ विवेक दीप के नेतृत्व में टीम का गठन हुआ। सदर एसडीपीओ विवेक दीप ने बताया कि मिशन मुक्ति फाउंडेशन के द्वारा शिकायत मिली थी कि बेतिया में नाबालिग लड़कियों से ऑर्केस्ट्रा में काम कराया जा रहा है। शिकायत के आधार पर एक टीम का गठन किया गया। बेतिया में कई जगहों पर रेड किया गया।

उन्होंने बताया कि 16 नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया गया है। वेरिफिकेशन की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद आगे उचित कार्रवाई की जाएगी। उनमें से 14 बच्चियां बंगाल और दो नेपाल की हैं। इस मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। पुलिस द्वारा सभी नाबालिग लड़कियों के परिजनों से संपर्क साधा जा रहा है। दस ऑर्केस्ट्रा संचालकों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article