क्राइम

Meerut News: छेड़छाड़ से आहत छात्रा ने की आत्महत्या, पड़ोसी करता था परेशान; जान देने के लिए उकसाया

उत्तर प्रदेश के मेरठ में कक्षा दसवीं की छात्रा ने छेड़छाड़ से आहत होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आरोप है कि पड़ोसी युवक जबरन किशोरी से बात करने की कोशिश और फब्दियां कसता था।

Image

रोते बिलखते परिजन

मेरठ : कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में गुरुवार को दसवीं की एक छात्रा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजनों का आरोप है कि किशोरी छेड़छाड़ से आहत थी और इसी कारण उसने यह खौपनाक कदम उठाया। आरोप है कि मोहल्ले का 32 वर्षीय युवक शिवा छात्रा के साथ छेड़छाड़ करता था और उसने ही आत्महत्या के लिए उकसाया। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच करने की बात कह रही है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

दरअसल, यूपी बोर्ड की दसवीं की परीक्षा दे रही छात्रा का गुरुवार को पेपर नहीं था। माता-पिता मजदूरी करने गए थे, और छात्रा घर पर अकेली थी। इसी दौरान उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब मां और भाई घर लौटे तो उन्हें गेट बंद मिला। गेट तोड़कर अंदर जाने पर छात्रा का शव पंखे से लटका मिला। बेटी की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आरोपी ने आत्महत्या के लिए उकसाया

परिजनों ने मोहल्ले के युवक शिवा पर आरोप लगाया कि वह बेटी से जबरदस्ती बात करने की कोशिश करता था और छेड़छाड़ करता था। आरोप है कि उसी के उकसाने पर बेटी ने फांसी लगाकर जान दे दी। मामले की जानकारी मिलते ही कंकरखेड़ा पुलिस और सीओ दौराला मौके पर पहुंचे। वहीं, सूचना मिलने पर उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य मीनाक्षी भराला भी पहुंचीं और पूरे मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई की बात कही।

मां ने रोते हुए बताया कि आरोपी शिवा बेटी के पीछे-पीछे स्कूल जाता था और उसका पीछा करता था, जिससे बच्ची ने स्कूल जाना भी बंद कर दिया था। छात्रा की दो बहनें और एक भाई है।

परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है, जिसमें बताया गया है कि शिवा नामक व्यक्ति छात्रा के साथ काफी समय से छेड़छाड़ कर रहा था, जिसके कारण उसने स्कूल जाना भी छोड़ दिया था। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। तीन टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और छात्रा के दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। - आयुष विक्रम, एसपी सिटी, मेरठ

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article