क्राइम

प्रेमी संग भागकर आई नाबालिग से जोधपुर युनिवर्सिटी में गैंगरेप, तीन युवकों ने बंधक बनाकर की दरिंदगी

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Jul 17, 2023, 09:31 AM IST

Jodhpur Gangrape: पुलिस के मुताबिक 17 साल की लड़की गत शनिवार को अपने नाबालिग प्रेमी के साथ अजमेर से भागकर यहां आई। दोनों बस से जोधपुर पहुंचे। वे बस स्टैंड के पास किसी लॉज की तलाश में थे। डीसीपी इस्ट अमृता दुहान ने बताया कि दोनों नाबालिग ठहरने के लिए अपने लिए जगह की तलाश नहीं कर पाए।

Image

जोधपुर में नाबालिग दलित लड़की से गैंगरेप की वारदात।

Photo : BCCL

Jodhpur: राजस्थान के जोधपुर गैंगरेप की जघन्य वारदात हुई है। यहां 17 साल की एक नाबालिग दलित लड़की के साथ तीन युवकों ने गैंगरेप किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। लड़के और लड़की राजस्थान के ब्यावर से भागकर जोधपुर आए थे फिर यहां उन्हें फुसलाकर तीन युवक यूनिवर्सिटी के कैंपस ले गए और वहां लड़की के प्रेमी को बंधक बनाकर लड़की के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।

मदद करने के नाम पर दरिंदगी की

पुलिस के मुताबिक 17 साल की लड़की गत शनिवार को अपने नाबालिग प्रेमी के साथ अजमेर से भागकर यहां आई। दोनों बस से जोधपुर पहुंचे। वे बस स्टैंड के पास रुकने के लिए किसी लॉज की तलाश में थे। डीसीपी इस्ट अमृता दुहान ने बताया कि दोनों नाबालिग ठहरने के लिए अपने लिए जगह की तलाश नहीं कर पाए। कोई जगह नहीं मिलने पर वे सड़क पर घूम रहे थे। इसी दौरान पवाटा सर्किल के पास तीन युवक उनके पास आए और उनकी मदद करने की बात कही।

तीनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार आरोपी समंदर सिंह (21), भट्टम सिंह (22) और धर्मपाल सिंह (21) ने दोनों नाबालिगों को खाने के लिए कुछ दिया और उन्हें ट्रेन के जरिए अपनी यात्रा जारी रखने की सलाह दी।

नाबालिग लड़के को पीटा भी

पुलिस ने आगे बताया कि तीनों आरोपियों ने दोनों नाबालिगों को अपने पीछे-पीछे आने के लिए राजी किया। ये पांचों रात भर चलते रहे। इसी दौरान यूनिवर्सिटी की टूटी दीवार से होकर ये पांचों लोग कैंपस में दाखिल हुए। यहां दो आरोपियों ने नाबालिग लड़के को पकड़ लिया और उसकी पिटाई की। इसके बाद आरोपियों ने लड़की पर भी हमला किया और फिर बारी-बारी से उसका रेप किया।

मॉर्निंग वॉक पर आए लोगों ने मदद की

सुबह करीब पांच बजे कैंपस में मॉर्निंग वॉक के लिए लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। उनके जाने के बाद नाबालिग लड़के ने लोगों की मदद ली। फिर लोगों ने लड़के और लड़की दोनों को जेएनवीयू ओल्ड कैंपस पुलिस स्टेशन ले गए।

पुलिस संरक्षण में हैं दोनों

घटना की जानकारी मिलने पर डीसीपी दुहान और पुलिस कमिश्नर रविदत्त गौर मौके पर पहुंचे। पीड़ित लड़की को मेडिकल के लिए महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया। डीसीपी ने कहा कि लड़की की काउंसलिंग की गई है और वह अभी पुलिस के संरक्षण में है। नाबालिग लड़का भी पुलिस के संरक्षण में है। पुलिस ने दोनों के परिवारों को सूचित कर दिया है। परिवार जोधपुर पहुंचने वाला है।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article