क्राइम

छत्तीसगढ़ में नक्सलियों का फिर दिखा क्रूर रूप, दंतेवाड़ा में माओवादियों ने की सरपंच प्रत्याशी की हत्या

छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने एक सरपंच पद के प्रत्याशी की हत्या कर दी है। घटना दंतेवाड़ा के अरनपुर गांव की है जहां माओवादियों ने सरपंच पद के प्रत्याशी जोगा बारसे के घर पर धावा बोल दिया और उनकी हत्या कर दी।

Image

छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने की सरपंच की हत्या (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : PTI

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में माओवादियों ने सरपंच पद के प्रत्याशी की गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार रात को अरनपुर गांव की है जहां माओवादियों ने सरपंच पद के प्रत्याशी जोगा बारसे (45) के घर पर धावा बोल दिया और कुल्हाड़ी से दरवाजे को तोड़कर घर में दाखिल हो गए। राज्य में पंचायत चुनाव 17, 20 और 23 फरवरी को तीन चरणों में होने हैं, उससे पहले यह हत्या, मतदाताओं और उम्मीदवारों में खौफ पैदा करने के लिए की गई है। अधिकारियों ने बताया कि हमलावरों की तलाश के लिए सुरक्षाबलों ने इलाके में अभियान शुरू कर दिया है।

गला रेत कर की हत्या

अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद माओवादियों ने परिवार के सामने ही कुल्हाड़ी और अन्य हथियारों से बारसे की गला रेतकर हत्या कर दी।अधिकारियों ने बताया कि राज्य में होने जा रहे पंचायत चुनाव का माओवादियों ने बहिष्कार किया है और लोगों को चुनाव नहीं लड़ने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि बताया जा रहा है कि पंचायत चुनाव में बारसे के प्रत्याशी बनने के बाद से माओवादी उनसे नाखुश थे।

कांग्रेस के नेता थे बारसे

बारसे क्षेत्र के कद्दावर आदिवासी नेताओं में थे और लगातार चुनाव जीत रहे थे। जानकारी के अनुसार पहले वह भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी में थे लेकिन कुछ वर्ष पहले उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ले ली थी। इससे पहले माओवादियों ने जिले में चार फरवरी को 30 वर्षीय एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी। माओवादियों ने उस पर पुलिस का मुखबिर होने का आरोप लगाया था।

छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव

छत्तीसगढ़ में इस माह नगरीय और पंचायत निकायों के चुनाव होने जा रहे हैं जिसके तहत 10 नगर निगमों, 49 नगर पालिका परिषदों और 114 नगर पंचायतों सहित 173 नगरीय निकायों के चुनाव 11 फरवरी को एक चरण में होंगे, जबकि पंचायत चुनाव 17, 20 और 23 फरवरी को तीन चरणों में होंगे।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article