क्राइम

झगड़े का शोर नहीं हुआ बर्दाश्त, चाकू से युवक पर ताबड़तोड़ वार; भरे मोहल्ले के सामने हत्या

राजधानी दिल्ली के गाजीपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की वजह पारिवारिक झगड़े के दौरान हो रहे शोर शराबे पर आपत्ति बताई जा रही है।

Image

गाजीपुर में मर्डर

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में पारिवारिक झगड़े के दौरान शोर और हंगामे पर आपत्ति जताने को लेकर पड़ोसियों ने 30 वर्षीय एक व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। इस वारदात में पीड़ित का छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना उस समय हुई जब सारांश (22) नाम का एक आरोपी मंगलवार रात अपने परिवार के सदस्यों के साथ झगड़ा कर रहा था। वे गाजीपुर के बी ब्लॉक में एक आवासीय इमारत की दूसरी मंजिल पर रहते हैं।

इतनी सी बात पर ले ली जान

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) अपूर्व गुप्ता ने बताया कि उसी इमारत की पहली मंजिल पर अपने परिवार के साथ रहने वाले विक्की सोनी (30) ने झगड़े के कारण होने वाली तेज आवाज पर आपत्ति जताई। उन्होंने बताया कि विक्की जब रात में अपने कमरे से बाहर आया तो सारांश ने उस पर हमला कर दिया। इसके बाद विक्की और उसका छोटा भाई रिकी आरोपी सारांश के पिता प्रदीप को इसकी सूचना देने के लिए उसके घर गए।

गुप्ता ने बताया कि सारांश, प्रदीप और विक्की के बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद सारांश ने चाकू से विक्की और रिकी पर वार किया। उन्होंने कहा कि इस घटना में दोनों भाइयों को कई चोटें आईं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां विक्की की मौत हो गई जबकि रिकी का इलाज चल रहा है। अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद पुलिस को बुलाया गया और गाजीपुर थाने में मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी सारांश और उसके पिता प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया गया है।

(इनपुट-भाषा)

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article