क्राइम

Mumbai: भिवंडी के जंगल में कत्लेआम, सिर काटकर फेंकी लाश; मारने से पहले हत्यारों ने किया ये काम

महाराष्ट्र के भिवंडी इलाका स्थित जंगल में यूपी के आजमगढ़ निवासी शख्स की हत्या कर शव को फेंक दिया गया। मारने से पहले शख्स के मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप पर परिवार को पहले एक्सीडेंट होने की झूठी खबर दी गई और फिर 3 लाख की फिरौती की मांग की गई।

Image

(प्रतीकात्मक फोटो)

मुंबई : महाराष्ट्र के भिवंडी इलाके में एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के रहने वाले 54 वर्षीय फरहत अखलाक शेख का शव भिवंडी के कारीवली गांव स्थित जंगल से बरामद किया गया। शव से सिर का हिस्सा गायब है। फरहत अखलाक शेख मूल रूप से आजमगढ़ के सरायमीर इलाके के रहने वाले थे। पिछले कुछ सालों से वह भिवंडी के गैबी नगर में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। हाल ही में वह बाईपास स्थित गोदरेज की एक हाउसिंग सोसायटी में स्थानांतरित हुए थे। 11 अप्रैल को उन्होंने परिवार के साथ एक छोटी सी पार्टी रखी थी, जिसमें उनकी बेटियां, दामाद और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। इसके बाद, अगले ही दिन, यानी 12 अप्रैल को सुबह करीब 10:30 बजे वह घर से यह कहकर निकले कि बर्तन लौटाने कैटरर्स के पास जा रहे हैं। इसके बाद से वह लापता हो गए।

सीसीटीवी फुटेज आया सामने

उनके लापता होने के बाद परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की तो उनका ओला स्कूटर करौली गांव के श्मशान भूमि के पास मिला। लेकिन, फरहत और उनके साथ गए युवक का कोई सुराग नहीं मिला। सीसीटीवी फुटेज में फरहत के पीछे पीले रंग की शर्ट पहने एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जो हर कैमरे में अपना चेहरा छुपाने की कोशिश कर रहा था।

कुछ समय बाद फरहत का मोबाइल फोन ऑन हुआ, लेकिन वह किसी अन्य डिवाइस में एक्टिव हुआ। इसके बाद उनके ही मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप पर परिवार को पहले एक्सीडेंट होने की झूठी खबर दी गई और फिर फिरौती की मांग की गई। मैसेज में 80 हजार से लेकर 3 लाख रुपये तक की रकम मांगी गई थी।

शांति नगर पुलिस ने जांच को तेज करते हुए मोबाइल लोकेशन को ट्रैक किया। लोकेशन पुणे के चिंचवड़ इलाके की निकली, लेकिन आरोपी बार-बार जगह बदलता रहा, जिससे पुलिस के हाथ कुछ नहीं लग सका। कई दिन की सघन तलाशी के बाद, 16 अप्रैल को फरहत अखलाक शेख का सिर विहीन शव भिवंडी के करौली गांव के घने जंगलों से बरामद हुआ। पुलिस अब इस निर्मम हत्या के पीछे के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article