क्राइम

पालघर में घर के अंदर तीन कंकाल मिलने से सनसनी, पुलिस ने शुरू की जांच

Maharashtra News: पुलिस ने बताया, तीनों शव पूरी तरह सड़ चुके थे और उनकी जगह सिर्फ कंकाल बचा था। ऐसा संदेह है कि ये कंकाल बुजुर्ग दंपती और उनकी बेटी के हैं। उन्होंने बताया कि बुजुर्ग की उम्र 70 साल, उनकी पत्नी की उम्र 65 साल जबकि बेटी की उम्र 35 साल है।

Image

पालघर में घर के अंदर नर कंकाल मिलने से सनसनी।

Maharashtra News: महाराष्ट्र के पालघर जिले के एक गांव में स्थित एक घर से पुलिस ने तीन लोगों के कंकाल बरामद किये हैं। पुलिस को आशंका है कि ये कंकाल बुजुर्ग दंपती और उनकी बेटी के हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पालघर जिले के वाडा तहसील के नेहरोली गांव के एक घर से शुक्रवार को कंकाल बरामद किए गए।

वाडा पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक दत्ता किंद्रे ने बताया, स्थानीय लोगों ने घर से दुर्गंध आने की शिकायत की और पुलिस को इसकी सूचना दी। घर अंदर से बंद था। उन्होंने कहा, 'सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने घर का दरवाजा तोड़ कर अंदर प्रवेश किया। वे स्वागत कक्ष में दो महिलाओं के कंकाल देखकर चौंक गए, जबकि पुरुष का कंकाल स्नानघर में मिला।

पूरी तरह से सड़ चुके थे शव

पुलिस ने बताया, तीनों शव पूरी तरह सड़ चुके थे और उनकी जगह सिर्फ कंकाल बचा था। ऐसा संदेह है कि ये कंकाल बुजुर्ग दंपती और उनकी बेटी के हैं। उन्होंने बताया कि बुजुर्ग की उम्र 70 साल, उनकी पत्नी की उम्र 65 साल जबकि बेटी की उम्र 35 साल है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए तुरंत सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। वहीं, इस बात का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है कि परिवार के तीन सदस्यों की मौत कैसे हुई है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

अधिकारी ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच करने पर पता चला है कि बुजुर्ग दंपति और उनकी दिव्यांग बेटी वहां रहते थे, जबकि उनके दो बेटे पालघर के वसई में रहते हैं।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article