Indore Viral Video: मध्य प्रदेश के इंदौर (देश के सबसे स्वच्छ शहर) में कूड़ा फेंकने को लेकर हुआ एक विवाद इतना गर्मा गया कि तैश में आरोपी ने सफाई वाले पर पिस्तौल तान दी, जबकि उसका बेटा उस दौरान पीड़ित को गंदी-गंदी गालियां देकर हड़का रहा था। मामले से जुड़ा कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की ओर से कहा गया है कि वह इसकी जांच कर रही है।
यह पूरा मामला शनिवार (15 अप्रैल, 2023) का है। आरोप है कि राजेंद्र नगर क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पूर्व विधायक के रिश्तेदार और पेट्रोल पंप के मालिक महेश पटेल (पीली टी-शर्ट में) ने सफाई कर्मचारी को बंदूक दिखाकर धमकाया था। दरअसल, सैनिटेशन वर्कर ने उन्हें गीला और सूखा कचरा अलग-अलग न करने को लेकर टोका था। फिर क्या था, इस बात पर बहस हो गई और मामला तब और गर्मा गया जब पटेल और उसके बेटे बाहर आकर कचरे वाले पर भड़कने लगे थे।
घटना से जुड़ा 26 सेकेंड्स का वीडियो भी सामने आया है जो कि दिन के वक्त का है और उसमें सफाईकर्मी कूड़ा गाड़ी के साथ एक घर के बाहर खड़ा था, जबकि घर में गेट के अंदर पीली टीशर्ट में एक व्यक्ति बंदूक तानने लगा था और पीछे से एक अन्य आदमी कूड़ा उठाने वाले को धमका रहा था। हालांकि, उस घर की महिला उसे बार-बार चिल्लाने और नाराज होने से रोक रही थीं।
घर के अंदर काली टीशर्ट वाला शख्स इसके बाद जहां सफाईकर्मी को गंदी-गंदी गालियां देने लगा, वहीं पीली टीशर्ट वाला आदमी फिर से बंदूक से उसे डराने की कोशिश करने लगा। उन दोनों लोगों की बदतमीजी और आपा खोते देख कूड़ा वाला इसके बाद अपनी चारपहिया गाड़ी लेकर वहां से चला गया।
चूंकि, इस वीडियो में भद्दी-भद्दी गालियां हैं, लिहाजा हम इसे यहां शेयर नहीं कर सकते हैं। वायरल क्लिप की भाषा कई लोगों को विचलित कर सकती है। हालांकि, क्लिप जैसे ही सोशल मीडिया पर सामने आई वह तेजी से वायरल होने लगी। क्लिप को देखकर समझा जा सकता है कि पूरे वाकये के दौरान किसी आसपास के व्यक्ति ने उसे रिकॉर्ड किया होगा।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आदित्य मिश्रा ने मीडिया को बताया, ‘‘हम वीडियो की तसदीक कर घटनाक्रम के बारे में पता लगा रहे हैं, जिसे समझने के बाद ही हम टिप्पणी कर सकेंगे।’’ वहीं, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने पीटीआई से कहा, ‘‘वीडियो की जानकारी मिली है। अगर किसी सफाईकर्मी से कोई कारण झगड़ा करेगा, तो उचित कदम उठाएंगे। इंदौर नगर निगम सभी सफाई कर्मचारियों के साथ है।’’ प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नीलाभ शुक्ला का दावा है निगम कर्मी पर पिस्तौल तानने वाला शख्स सत्तारूढ़ भाजपा का करीबी है, इसलिए समूचा तंत्र मामले को रफा-दफा करने में जुटा है।
