Lucknow Bank Locker: लखनऊ में बड़ी बैंक डकैती हुई है। लखनऊ के एक बैंक में 42 लॉकर तोड़कर चोर उड़ा ले गए हैं। बैंक में चोरी के लिए 4 चोरों ने 2 दीवारों को तोड़ा और फिर लॉकर रूम में घुसे।
इंडियन ओवरसीज बैंक में डकैती
लखनऊ के चिनहट में इंडियन ओवरसीज बैंक की शाखा में यह डकैती हुई है। पुलिस के अनुसार, चोरों ने परिसर से सटे खाली प्लॉट से दो दीवारें तोड़कर बैंक में प्रवेश किया। कुल 42 लॉकर काटे गए और आभूषणों के साथ अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए गए। हालांकि चोरी गए सामान की सही मात्रा का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन यह करोड़ों में हो सकता है।
घटना का पता कैसे चला
घटना रविवार दोपहर को तब सामने आए, जब स्थानीय लोगों ने दीवारों को टूटा हुआ देखा। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और जब पुलिस मौके पर पहुंची तो डकैती की घटना सामने आई। रविवार को शाखा बंद होने के कारण पूरे दिन चोरी की जानकारी किसी को नहीं होती, लेकिन बगल की फर्नीचर दुकान के मालिक ने बैंक की दीवार में छेद को देख लिया और रविवार दोपहर को पुलिस को सूचित किया।
जांच में जुटी लखनऊ पुलिस
डीसीपी (ईस्ट) शशांक सिंह ने बताया कि बैंक मैनेजर से चोरी की जानकारी ली जा रही है। उन्होंने बताया कि चिनहट के मटियारी इलाके में बैंक के बगल में खाली प्लॉट है। अज्ञात चोरों ने दीवार काटकर बैंक में सेंध लगाई। उन्होंने लॉकर तोड़कर सामान चुरा लिया। फोरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की टीमें जांच कर रही हैं। छह टीमें गठित की गई हैं।
