क्राइम

मथुरा रेलवे स्टेशन पर प्रेमी-प्रेमिका ने खाया जहर, दोनों की मौत; घंटों उलझी GRP और UP पुलिस

यूपी के मथुरा रेलवे स्टेशन में एक प्रेमी युगल ने विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। दोनों की मौत के बाद जीआरपी पुलिस और यूपी पुलिस उलझी रही। इस चक्कर में करीब 1 घंटे तक दोनों शव अस्पताल के बेड पर ही पड़े रहे।

Image

मथुरा रेलवे स्टेशन पर प्रेमी युगल ने खाया जहर

मथुरा में मंगलवार को स्टेशन स्थित मालगोदाम पर टीन शेड के नीचे एक प्रेमी युगल ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। इससे दोनों की तबीयत बिगड़ गई। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर थोड़ी देर बाद दोनों ने दम तोड़ दिया। एसपी सिटी अरविंद कुमार ने बताया कि रेलवे स्टेशन के गेट नंबर दो से सूचना मिली थी कि एक लड़का और लड़की जहर खाकर अचेत अवस्था में पड़े हैं। सूचना पर हाईवे और जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। वहां दोनों की मौत हो गई। इस दौरान हाईवे और जीआरपी पुलिस कार्रवाई को लेकर भिड़ गए। हाईवे पुलिस का कहना था कि उनका क्षेत्र नहीं है। लिहाजा कार्रवाई जीआरपी पुलिस करे। करीब 1 घंटे तक दोनों शव अस्पताल के बेड पर ही पड़े रहे। इसके बाद जीआरपी थाना प्रभारी यादराम ने मामले से एसपी सिटी को अवगत कराया है।

शाहजहांपुर का रहने वाला था युवक

उन्होंने बताया कि लड़के के पास एक आधार कार्ड मिला है। उसमें उसका नाम मुनींद्र लिखा है। वह शाहजहांपुर का रहने वाला है। मृतक के पिता को सूचना दे दी गई है। अभी लड़की के बारे में पूरी जानकारी पता की जा रही है। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जा रहे हैं। ज्यादा जानकारी इनके परिजनों के आने पर मिलेगी। अगर कोई समस्या होगी तो विधिक कार्यवाही की जाएगी। इस प्रकरण की जानकारी परिजनों से ही मिल पाएगी।

घटना स्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, मथुरा रेलवे स्टेशन के गेट नंबर दो के पास माल गोदाम बना हुआ है। यहीं पर टीन शेड के नीचे मंगलवार को एक प्रेमी युगल ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। इससे दोनों की हालत खराब हो गई। टीन शेड के नीचे दोनों तड़पने लगे। युवक और युवती की गंभीर हालत देखकर कुछ लोगों ने 112 पर फोन करके एंबुलेंस को बुलाया। इसके बाद उन्हें पुलिस की मदद से अस्पताल भेजा गया, जहां दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर जीआरपी और आरपीएफ जिला अस्पताल पहुंची। मृतकों के बारे में जानकारी लेकर उनके परिजनों को सूचना दी गई।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article