Karnataka Murder News: कर्नाटक में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव की तारीख करीब आ रही है, वैसे-वैसे सियासी उठापटक भी तेज हो रही है। धारवाड़ में भारतीय जनता युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष इसी सियासी लड़ाई का शिकार हो गए। चुनाव से कुछ ही दिन पहले कोट्टूर गांव में उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सननसनी फैल गई। जब तक लोग पुलिस को बुलाते तब तक हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो चुके थे।
यह है पूरा मामला
प्रवीण कुमार BJYM की धारवाड़ इकाई के उपाध्यक्ष हैं। उनका क्षेत्र के ही कुछ लड़कों से कुछ व्यक्तिगत कारणों के चलते विवाद हो गया था उस समय तो वे लड़के वहां से चल गए, लेकिन मंगलवार रात प्रवीण को अकेला पाकर उन्होंने चाकुओं से उनके पेट पर ताबड़तोड़ कई प्रहार किए। भाजपा नेता की आवाज सुनकर मौके पर कई लोग पहुंचे, लेकिन जब तक वे हालात समझकर पुलिस को बुलाते तब तक हमलावर वहां से फरार हो गए। लहूलुहान हालत में पड़े प्रवीण को लेकर लोग अस्पताल की ओर दौड़े और उन्हें गंभीर हालत में भर्ती कराया। हालांकि तभी डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले पर पुलिस ने क्या कहा
भाजपा नेता की हत्या के मामले पर हुबली पुलिस ने बयान देते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया विवाद प्रवीण कुमार के समर्थक और कुछ विरोधी नेताओं के बीच हुआ था। उस दौरान हाथापाई की नौबत तक आ गई थी। जब वे (प्रवीण) मामले में बीच-बचाव करने के लिए पहुंचे तो उन्हें चाकू मार दिया गया। इस पूरे प्रकरण में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है और इसकी संबंधित पुलिस अफसर मामले की जांच भी कर रहे हैं। पुलिस ने ये भी बताया कि गरगा थाने की टीम ने शिकायत दर्ज कर ली है और मुख्य आरोपी की तलाश प्रारंभ कर दी है।
